शिमला होटल कारोबारी के घर चोरी मामले में बड़ा खुलासा, उत्तराखंड से 4 आरोपी गिरफ्तार, मामले में आया नया मोड़
करोड़ की चोरी मामले में शिमला पुलिस ने उत्तराखंड से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : September 21, 2026 at 10:57 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नामी होटल कारोबारी बालजीज परिवार के फिंगास्क एस्टेट स्थित निजी आवास में हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी मामले में शिमला पुलिस ने 4 आरोपियों को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने चोरी की करीब 80 प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है. शिमला पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है. पुलिस द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया, "₹1 करोड़ से अधिक की चोरी के मामले में सदर थाना पुलिस ने उत्तराखण्ड पुलिस के सहयोग से चार आरोपी गिरफ्तार किए। चोरी की करीब 80% संपत्ति बरामद कर ली गई है. मामले में उच्च स्तरीय जांच चल रही है. इससे अधिक और कुछ नहीं कहा जा सकता".
शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1 करोड़ से अधिक की चोरी के मामले में सदर थाना पुलिस ने उत्तराखण्ड पुलिस के सहयोग से चार आरोपी गिरफ्तार किए। चोरी की करीब 80% संपत्ति बरामद कर ली गई है। मामले में तफ्तीश जारी है। pic.twitter.com/U1SGOgZjf7
— Shimla Police (@PoliceShimla) September 21, 2026
शिमला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर शिमला में 8 सितंबर को एक शिकायत पर दर्ज की एफआईआर (अभियोग संख्या 117/2026, अधीन धारा 306 बी.एन.एस.) दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने एक युवती को घर में साफ-सफाई के काम पर रखा था. 8 सितंबर को शिकायतकर्ता ने अपने कमरे की अलमारियां खुली हुई और सामान बिखरा हुआ पाया. जांच करने पर ज्वेलरी और नकद सहित कीमती सामान गायब मिला. चोरी की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी.
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश, पूछताछ, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है. इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने जिला उधम सिंह नगर पुलिस के साथ मिलकर एक ज्वाइंट ऑपरेशन कर, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. देवेन्द्र कुमार (56 वर्ष), पुत्र पनीराम, निवासी रामनगर, उत्तराखंड
2. पप्पु लाल, (58 वर्ष) पुत्र जैतराम, निवासी ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड
3. बलजीत सिंह, (35 वर्ष) पुत्र सेवक सिंह, निवासी ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड
4. नईम, (36 वर्ष) पुत्र खलील अहमद, निवासी ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड
शिमला पुलिस द्वारा अब तक चोरी की गई संपत्ति का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर लिया गया है. बरामद संपत्ति में चोरी किए गए आभूषण एवं अन्य कीमती सामान शामिल हैं. शेष संपत्ति की बरामदगी और चोरी की पूरी घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए तफ्तीश जारी है.
क्या है मामला?
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीते 8 सितंबर को होटल कारोबारी रेणु बालजीज ने थाना सदर पुलिस में मामला दर्ज कराया कि उनके घर में सफाई करने वाली नेपाली मूल की युवती ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. होटल कारोबारी ने आरोप लगाया कि 7 सितंबर को उनकी हाउस हेल्पर ने खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पहले उनको बेहोश किया. फिर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घर से करोड़ों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए.
उत्तराखंड के 4 अधिकारी गिरफ्तार
संबंधित चोरी मामले के खुलासे के लिए हिमाचल पुलिस ने प्रकरण की जांच के लिए उत्तराखंड पुलिस से संपर्क किया था. जांच के दौरान उत्तराखंड पुलिस को भी मामले की जानकारी हुई. जिसके बाद रुद्रपुर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कोतवाली पंतनगर व कोतवाली रुद्रपुर की ज्वाइंट पुलिस टीमें केस सुलझाने में जुट गईं. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी घटना के बाद शिमला से दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर रवाना हुए हैं.
पुलिस टीम को जांच के दौरान पता लगा कि 8 सितंबर की ही सुबह लगभग 11 बजे उसी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर तैनात आबकारी कर्मियों ने चेकिंग के लिए भी रोका था. गाड़ी और उसमें सवार लोगों की चेकिंग की गई थी. दोनों राज्यों की पुलिस की जांच के दौरान उधम सिंह नगर के आबकारी विभाग में तैनात चार कर्मचारियों की भूमिका सामने आने का दावा किया गया.
इसी जांच और पूछताछ के आधार पर उधम सिंह नगर जिला आबकारी विभाग के दारोगा देवेंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीएलडी जवान नईम को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया गया. चारों के कब्जे से थाना सदर शिमला में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित बहुमूल्य चोरी की संपत्ति बरामद की गई है. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत जांच की जा रही है.
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के दारोगा देवेंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीएलडी जवान नईम के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं.
जिलाधिकारी के आदेश पर चारों कर्मचारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उत्तराखंड पुलिस और संबंधित विभाग ने हिमाचल पुलिस को कार्रवाई में सहयोग किया है. चारों आरोपियों को हिमाचल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी:- महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी, उधमसिंह नगर
इस पूरे मामले में उधम सिंह नगर एसएसपी कार्यालय की ओर से प्रेस रिलीज जारी किया गया. जिसमें बताया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एसएसपी अजय गणपति की जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए चोरी के आभूषण एवं नगदी चारों आरोपियों से बरामद की. चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों और बरामद संपत्ति के संबंधि में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में होटल कारोबारी के घर फिल्मी स्टाइल में चोरी, खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर वारदात, नौकरानी फरार

