ETV Bharat / state

यमुनानगर में बाढ़ का खतरा! उफान पर सोम-पथराला नदी, तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित

पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते यमुनानगर की सोम-पथराला नदी उफान पर हैं. पथराला नदी का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित.

Som River Pathrala River
Som River Pathrala River (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 5, 2026 at 11:00 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

यमुनानगर: पहाड़ों में हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. भारी बारिश के चलते छछरौली क्षेत्र की सोम और पथराला नदी उफान पर हैं. मंगलवार को सोम नदी में 10,620 क्यूसेक और पथराला नदी में 5,760 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया. रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित हुई है, जबकि नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है.

सोम और पथराला नदी का जलस्तर बढ़ा: हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद सोम और पथराला नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. सोम नदी अपनी 10 हजार क्यूसेक और पथराला 5 हजार क्यूसेक की क्षमता से ऊपर बह रही है. सोम नदी के तेज बहाव में कई बड़े पेड़ भी जड़ समेत बह गए. नदी किनारे बसे गांवों के लोग लगातार बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं.

यमुनानगर में बाढ़ का खतरा! उफान पर सोम-पथराला नदी (ETV Bharat)

पथराला नदी का तटबंध टूटा, सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित: उधर रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से पानी खेतों में घुस गया, जिससे रायपुर और याकूबपुर गांव की सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित हुई है. वहीं बरौली-माजरा के पास भी लोगों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो पटरी टूटने के साथ आसपास के कई गांवों में पानी घुस सकता है.

हरियाणा में बारिश की संभावना: फिलहाल प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन मौसम विभाग की ओर से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों की चिंता अभी कम नहीं हुई है. यदि बारिश का दौर जारी रहा तो आने वाले घंटों में हालात और गंभीर हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- हरियाणा में मानसून ने बढ़ाई चुनौती, आज फिर होगी जमकर बारिश, कई शहर हुआ पानी-पानी, यमुना का जलस्तर बढ़ा, हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी