ETV Bharat / state

रोहतक में गरजे दीपेन्द्र हुड्डा, केन्द्र पर जमकर साधा निशाना, बोले-"नई सौगात नहीं, कांग्रेस के ही प्रोजेक्टों को अपना बता क्रेडिट ले रहे पीएम मोदी"

रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस परियोजनाओं का श्रेय लेने की बात कही.

DEEPENDER HOODA ON PM HARYANA VISIT
रोहतक में गरजे दीपेन्द्र हुड्डा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 20, 2026 at 12:50 PM IST

|

Updated : July 20, 2026 at 1:00 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक: रोहतक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे के दौरान कोई नई सौगात देने के बजाय कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई परियोजनाओं का उद्घाटन कर उनका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं. हुड्डा ने कहा कि, "12 साल से भाजपा कांग्रेस सरकार के प्रोजेक्टों को ही अपना बताकर क्रेडिट लेने में लगी हुई है."

हाइड्रोजन ट्रेन पर उठाए सवाल: शहीद मदन लाल ढींगड़ा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दीपेंद्र हुड्डा ने जींद से रवाना की गई हाइड्रोजन ट्रेन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, "जिस हाइड्रोजन ट्रेन का इतना प्रचार किया गया, वह एक ही दिन में बंद हो गई और उसे टोचन कर दिल्ली ले जाना पड़ा. जिस जींद-गोहाना-सोनीपत रेलवे लाइन पर ट्रेन चलाई गई, उसका निर्माण कांग्रेस शासन में हुआ था."

रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा (ETV Bharat)

संसद में उठेंगे कई मुद्दे: दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि, "आगामी संसद सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, छात्रों के अधिकार, राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं, विदेश नीति और इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल जैसे मुद्दे उठाएगी. नीट पेपर लीक और छात्रों के अधिकारों के हनन पर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है और केंद्रीय शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग जारी रहेगी. महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस समर्थन करेगी, लेकिन परिसीमन को लेकर भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए जाएंगे."

भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि: कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं ने बिहार में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी को श्रद्धांजलि देते हुए रोहतक में मशाल जुलूस निकाला. इस दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक भारत भूषण बतरा और कुलदीप वत्स मौजूद रहे. कांग्रेस ने भरत तिवारी की मौत को एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या बताया और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई.

"संविधान और अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी": पत्रकारों से बातचीत में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि, "आज संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को बचाने की लड़ाई है. जो भी अपने हक की आवाज उठाता है, उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है." उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे और इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया. कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर उठाती रहेगी.

ये भी पढ़ें:"प्रधानमंत्री जींद आए, शहर के लिए बड़ी घोषणा क्यों नहीं हुई", हिसार के सांसद का सवाल

Last Updated : July 20, 2026 at 1:00 PM IST