पशु बाड़े में लगी भीषण आग: एक बछड़े सहित पांच गोवंश की मौत, मची अफरा तफरी
बाड़मेर में बड़ा हादसा. पांच गोवंश की मौत. कोतवाल ने तत्परता और साहस का दिया परिचय...

Published : June 22, 2026 at 8:43 PM IST
बाड़मेर: शहर के विष्णु कॉलोनी स्थित एक पशु बाड़े में सोमवार को आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है. आग की चपेट में आने से एक बछड़े समेत पांच गोवंश की मौत हो गई. आवासीय कॉलोनी में स्थित पशु बाड़े में आग लगने से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए आग के नजदीक रखे गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला. साथ ही आसपास खड़े वाहनों को भी लोगों की मदद से तत्काल हटाया. पशु बाड़े का रखरखाव करने वाले अरुण कुमार ने बताया कि आज पशु बाड़े के आग लगी थी. इस दौरान उठी चिंगारियां पशु बाड़े तक पहुंच गईं, जिससे बाड़े के भीषण आग लग गई.
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे बाड़े को अपनी चपेट में ले लिया. उन्होंने बताया कि बाड़े में 13 गाय और 7-8 बछड़े बंधे हुए थे. आग लगने के बाद जितने पशुओं को बाहर निकाल पाए उन्हें निकाला, लेकिन एक बछड़े सहित पांच गोवंश की आग में जलने से मौत हो गई. इस आगजनी में पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है.
पढ़ें : सिरोही: कृषि कुएं पर भीषण आग, 8 पशुओं की जलकर मौत, किसान को लाखों का नुकसान
शहर कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि आज गश्त के दौरान विष्णु कॉलोनी में आग लगने की सूचना मिली थी. जिस पर तत्काल मौके पर पहुंचे. आग की वजह से धुआं-धुंआ हो गया था. उन्होंने बताया कि पशु बाड़े में जहां आग लगी थी वहां पर चारा रखा हुआ था जो कि ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं था, लेकिन पास के कमरे में गैस सिलेंडर थे. जिसे सबसे पहले बाहर निकाला. आसपास वाहन भी खड़े थे, उन्हें भी दूर किया ताकि संभावित खतरे को कम किया जा सके. उन्होंने बताया कि जनसहयोग से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया. पालतू गाय थी, उनकी मौत हुई है, जिसे काफी नुकसान हुआ है.
स्थानीय स्वरूप माली ने बताया कि पशु बाड़े में भीषण आग लगी थी. आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया. उन्होंने बताया कि सबसे पहले सिटी कोतवाल मनोज कुमार मौके पर पहुंचे उन्होंने मोर्चा संभाला और उन्होंने पहले गायों को बचाने का पूरा प्रयास किया. इतना ही नहीं, उन्होंने गैस के सिलेंडर और यहां खड़ी गाड़ियों को भी दूर किया, जिससे बड़ा हादसा होते होते टल गया. उन्होंने बताया कि चार-पांच दमकल की गाड़ियां और स्थानीय लोगों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.

