सिरोही: कृषि कुएं पर भीषण आग, 8 पशुओं की जलकर मौत, किसान को लाखों का नुकसान
सिरोही जिले के रेवदर उपखंड के उडवारियां गांव में कृषि कुएं पर भीषण आग लग गई. आग में 5 भैंसें, 3 बछड़े जलकर मारे गए.

Published : June 11, 2026 at 8:39 PM IST
सिरोही: जिले के रेवदर उपखंड क्षेत्र के उडवारियां गांव में गुरुवार शाम को एक कृषि कुएं पर अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पास में बंधे पशु बच नहीं पाए. इस हादसे में 5 भैंसें और 3 बछड़े आग की चपेट में आकर जलकर मर गए. एक भैंस किसी तरह लपटों से बच निकली तो दूसरी गाय बुरी तरह झुलस गई, जिसे स्थानीय किसान ठाकरीराम चौधरी ने बड़ी मुश्किल से आग से बाहर निकालकर बचाया.
यह घटना उडवारिया से तेलपी खेड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित किसान रूपाराम पुत्र भलाजी कलबी के कृषि कुएं पर हुई. उस समय कुआं मालिक घर पर नहीं थे. अचानक उठती आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कुएं से पानी निकालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग ने पलक झपकते विकराल रूप ले लिया और काबू से बाहर हो गई.
इसे भी पढ़ें- हनुमानगढ़ के कोहला वन के 700 बीघा क्षेत्र में लगी आग, सड़क तक पहुंची लपटें
9 लाख रुपये का नुकसान: पटवारी रवेचीदान चारण ने बताया कि दोपहर में अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच भैंसों व तीन बछड़ों समेत आठ पशुओं की जलकर मौत हो गई. एक गाय भी झुलस गई. साथ ही दो ट्रॉली चारा और टीन शेड भी जलकर नष्ट हो गए. किसान को लगभग 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. मौके का निरीक्षण कर पंचनामा और नुकसान रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस और राजस्व विभाग मामले की जांच में लगे हुए हैं.
झोपड़ी जलकर राख: आग से कुएं पर रखा दो ट्रॉली चारा और एक झोपड़ी भी पूरी तरह जलकर राख हो गई. ग्रामीणों ने काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक पशुओं और सामान को भारी नुकसान हो चुका था. अनुमान है कि इस घटना में किसान को कई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. सूचना मिलते ही अनादरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें- Bayana Fire Incident : कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख...कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
ग्राम पंचायत प्रशासक जेताराम चौधरी ने भी तुरंत पटवारी रवेचीदान को सूचित किया. पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तैयार की. परिवार का मुख्य आर्थिक सहारा ये दुधारू भैंसें ही थीं. प्रशासक जेताराम चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग को अवगत कराया गया. पटवारी को भेजकर नुकसान का सर्वेक्षण करवाया गया है. नियमानुसार रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी.

