ADA की ग्रेटर आगरा योजना; 10 नदियों के नाम पर होंगी 10 टाउनशिप, 449 हेक्टेयर में बसेगी, जानिए क्या है प्लानिंग
ग्रुप हाउसिंग, मिश्रित, व्यावसायिक व सामुदायिक भूखंड भी टाउनशिप में शामिल.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : October 15, 2025 at 8:35 AM IST
आगरा: आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) अपने नए प्रोजेक्ट ग्रेटर आगरा के जरिए सांस्कृतिक अध्याय जोड़ने जा रहा है. एडीए बोर्ड बैठक में पिछले दिनों पहले ही इनर रिंग रोड पर प्रस्तावित 'ग्रेटर आगरा' का ले आउट स्वीकृत किया गया है.
एडीए इसे 10 टाउनशिप में विकसित करेगा. एडीए ने सभी 10 टाउनशिप के नाम देश की प्रमुख 10 नदियों के नाम पर रखने प्लानिंग की है, जिससे कि योजना की हर नई टाउनशिप को एक विशिष्ट पहचान मिले. इसके साथ ही नागरिक अपने देश के समृद्ध भौगोलिक व सांस्कृतिक विरासत से जुड़ेंगे. जानिए, इन सभी टाउनशिप के नाम और क्षेत्रफल...
बता दें कि इनर रिंग रोड के सहारे करीब 612 हेक्टेयर में ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट बना था. मगर इस प्रोजेक्ट में एडीए ने कुछ संशोधन किए हैं. जिससे 612 हेक्टेयर की योजना अब 449 हेक्टेयर की हो गई है. इसके साथ ही मंगलवार की बोर्ड बैठक में एडीए ने ग्रेटर आगरा में 10 टाउनशिप बसाने का प्रस्ताव रखा. जिसे स्वीकृति भी मिल गई.
पहले अटलपुरम, अब ग्रेटर आगरा : एडीए ने बीते अगस्त माह में ग्वालियर रोड पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटलपुरम टाउनशिप लॉन्च की. अब एडीए ने इनर रिंग रोड पर ग्रेटर आगरा योजना को दस टाउनशिप में विकसित करने की योजना बनाई. इन दस टाउनशिप के नाम देश की प्रमुख 10 नदियों को नाम पर रखने का प्रस्ताव है. नई टाउनशिप के नाम ‘गंगा’, ‘यमुना’, ‘गोमती’, ‘नर्मदा’ और ‘कावेरी’ जैसी अन्य प्रमुख नदियों के नाम पर रहेंगे. आगरा में यह पहली बार हो रहा है कि जब किसी बड़े आवासीय प्रोजेक्ट में इस तरह की अनूठी पहल की जा रही है.
टाउनशिप के नाम और क्षेत्रफल
| 01 | सिंधुपुरम | 26.83 हेक्टेयर |
| 02 | गोमतीपुरम | 49.45 हेक्टेयर |
| 03 | गंगापुरम | 48.86 हेक्टेयर |
| 04 | यमुनापुरम | 43.77 हेक्टेयर |
| 05 | बेतवापुरम | 28.41 हेक्टेयर |
| 06 | महानदीपुरम | 31.09 हेक्टेयर |
| 07 | नर्मदापुरम | 45.18 हेक्टेयर |
| 08 | गोदावरीपुरम | 42.28 हेक्टेयर |
| 09 | कृष्णापुरम | 42.86 हेक्टेयर |
| 10 | कावेरीपुरम | 47.78 हेक्टेयर |
नर्मदापुरम से होगा योजना का श्रीगणेश: बता दें कि, एडीए ने ग्रेटर आगरा योजना में हर टाउनशिप की लॉन्चिंग भूमि की उपलब्धता के मुताबिक करेगा. एडीए सबसे सबसे पहले टाउनशिप नंबर सात नर्मदापुरम विकसित करेगा. इसकी वजह यह है कि नर्मदापुरम के लिए आवश्यक 45.18 हेक्टेयर जमीन एडीए के पास है. इसलिए सबसे पहले इस टाउनशिप को लेकर काम शुरू किया जाएगा. यदि ग्रेटर आगरा योजना की बात करें तो सबसे बड़ी गोमतीपुरम टाउनशिप होगी, जो 49.45 हेक्टेयर में विकसित की जाएगी. इसके साथ ही सबसे छोटी टाउनशिप ‘सिंधुपुरम’ होगी, जो 26.83 हेक्टेयर की है.
4353 आवासीय भूखंड: एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि ग्रेटर आगरा योजना के 449 हेक्टेयर में 10 टाउनशिप विकसित की जाएंगी. दस टाउनशिप में करीब 4353 आवासीय भूखंड प्रस्तावित हैं. इसके साथ ही ग्रुप हाउसिंग, मिश्रित, व्यावसायिक व सामुदायिक भूखंड भी हैं. यहां पर सीवरेज ट्रीटमेंट, वाटर ट्रीटमेंट के प्लांट, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट, यूटिलिटी डक्ट्स समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी. ग्रेटर आगरा की टाउनशिप के नाम देश की प्रमुख नदियों के नाम पर होंगे. क्योंकि, नदियां भारत की सभ्यता की जीवनरेखा हैं. उनके नाम पर कॉलोनियां बसाकर आने वाली पीढ़ी को अपनी विरासत की याद दिलाना चाहते हैं.

