भागलपुर जेल में रीतलाल यादव की तबीयत बिगड़ी, 5 दिनों से आमरण अनशन पर थे
भागलपुर जेल में रीतलाल यादव की तबीयत बिगड़ी गई है. रीतलाल को जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है. पढ़ें पूरी खबर

Published : July 1, 2025 at 8:44 PM IST
भागलपुर: बेउर जेल से भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में शिफ्ट किए गए दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव की तबीयत कल शाम अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां फिलहाल वे कैदी वार्ड में इलाजरत हैं.
RJD विधायक रीतलाल की तबीयत बिगड़ी: रीतलाल यादव का इलाज कर रहे डॉ. रवि आनंद ने बताया कि विधायक पिछले 5 दिनों से आमरण अनशन पर थे, जिसके कारण उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल काफी गिर गया था. हालांकि उन्हें पहले से बीपी या शुगर की कोई बीमारी नहीं थी. डॉक्टरों ने कहा कि उन्होंने रात में हल्का भोजन लिया. स्वास्थ्य में अब सुधार हो रहा है.

"भूखे रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी थी.उन्हें मोटिवेट भी किया जिसके बाद कल रात में उन्होंने हल्का खाना खाया. फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है. दो जांच हुए हैं दो-तीन जांच होने बाकी हैं. इसके बाद एक-दो दिन के अंदर उन्हें यहां से फिर जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा."- रवि आनंद, डॉक्टर
जेल में कड़ी निगरानी: फिलहाल रीतलाल यादव को भागलपुर जेल के तृतीय खंड में रखा गया है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अस्पताल में भी उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

अनशन के कारणों पर अब तक चुप्पी: अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि रीतलाल यादव जेल में आमरण अनशन पर क्यों बैठे थे? इस मुद्दे पर वे खुद भी चुप्पी साधे हुए हैं और किसी भी प्रकार की टिप्पणी से परहेज कर रहे हैं.
पत्नी ने जताया जान का खतरा: वहीं रीतलाल यादव की पत्नी रिंकू देवी ने उनके फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट कर दावा किया है कि उनके पति की जान को खतरा है और एक बड़ी साजिश के तहत उन्हें भागलपुर जेल शिफ्ट किया गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रीतलाल से मिलने आने वाले लोगों पर फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं. हालांकि इस पोस्ट के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

विधायक ने किया था आत्मसमर्पण: बता दें कि विधायक रीतलाल यादव के खिलाफ बिल्डर गौरव कुमार से रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं. इस मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था. पुलिस ने उनके आवास पर छापेमारी भी की थी, जिसके दबाव में विधायक 17 अप्रैल को पटना के व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. पहले उन्हें पटना के बेऊर जेल में रखा गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बाद में उन्हें भागलपुर की विशेष केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया गया.
ये भी पढ़ें
- RJD विधायक रीतलाल यादव अस्पताल में भर्ती, बोली पत्नी- ' जेल में हो रही हत्या की साजिश'
- 'जब मेरे पति जेल में हैं तो पुलिस रात को दीवार फांदकर घर में क्यों घुसती है?' रीतलाल यादव की पत्नी का गंभीर आरोप
- RJD विधायक के गांव में देर रात पुलिस की रेड, जानें क्या है पूरा मामला
- RJD के बाहुबली विधायक रीतलाल यादव को बेऊर जेल से किया गया शिफ्ट
- 'रीतलाल यादव से हमें जान का खतरा', बिल्डर ने कहा- विधायक ने मांगी थी 30 लाख रुपये रंगदारी
- रीतलाल यादव अपराध की दुनिया का बना बादशाह, जानें फिर कैसे राजनीति और बाहुबल का कॉकटेल बनाया?

