सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर बाइक सवार दो युवकों की मौत, घरेलू विवाद में किशोरी ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही मामले की जांच - Road accident in Dumka
Road accident in Dumka. दुमका में सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई. दोनों एक पार्टी से घर लौट रहे थे. वहीं घरेलू विवाद के कारण एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.


Published : May 26, 2024 at 6:44 AM IST
दुमका : सड़क किनारे गिरे पेड़ से टकराकर बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गयी. दोनों एक पार्टी में खाना खाकर घर लौट रहे थे. उधर, घरेलू कलह से तंग आकर एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली.
शनिवार की रात जामा थाना क्षेत्र के लगला गांव के पास दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर सड़क पर गिरे पेड़ से टकराकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. ग्रामीणों की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन गुस्साये ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कटनिया गांव के 18 वर्षीय रशटू लायक और 21 वर्षीय छोटू लायक बच्चे के छठियारी से खाना खाकर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान लगला गांव के पास सड़क पर गिरे पेड़ से बाइक टकराने से दोनों गिर गये, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आयीं और मौके पर ही दोनों की जान चली गयी. थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि दोनों बाइक सवारों की मौत हो गयी है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
किशोरी ने की आत्महत्या
दुमका नगर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर रोड में एक 13 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली. मौत का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजेएमसीएच भेज दिया.
बताया जाता है कि आठ साल पहले मृतक के पिता जीवन दास ने भी आत्महत्या कर ली थी. वह रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. पति की मौत के बाद पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. वह दूसरों के घरों में काम करके अपना परिवार चलाने लगी.
इसी बीच पति की मृत्यु और घर की दयनीय स्थिति के कारण मां की मानसिक स्थिति खराब हो गयी. जिसके कारण घर में कलह का माहौल रहता था. इससे तंग आकर उनकी बेटी ने शनिवार को आत्महत्या कर ली. सहायक अवर निरीक्षक ए के सिंह का कहना है कि मां आवेदन देने को तैयार नहीं है. वह बताना भी नहीं चाहती. ऐसा लगता है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. संभव है कि लड़की ने अपनी मां की बीमारी और घर के हालात के कारण आत्महत्या की होगी. मां के बयान पर ही यूडी केस दर्ज किया जायेगा.
यह भी पढ़ें: दुकान में चोरी करने गए तीन चोर आग में झुलसे, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल - Three thieves burnt in Latehar
यह भी पढ़ें: जानलेवा सड़क दुर्घटना: अलग-अलग हादसों में मां, बेटी और मेडिकल छात्र की मौत

