ETV Bharat / state

ऑयल फैक्ट्री में हादसा: मजदूर की मौत, करणी सेना ने शव रखकर किया प्रदर्शन

बूंदी के तालेड़ा इलाके में ऑयल फैक्ट्री में हादसे से एक मजदूर की मौत हो गई. करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने शव रखकर प्रदर्शन किया.

Accident in oil factory in Taleda of Bundi
बूंदी के तालेड़ा में तेल फैक्ट्री में हादसा (ETV Bharat Bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : April 19, 2025 at 4:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: जिले के तालेड़ा इलाके के गुमानपुरा में ऑयल फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया. फैक्ट्री में बैरल पाइप फटने से आग लग गई. धमाके के साथ ही टीन शेड मजदूरों पर आ गिरा. शेड के नीचे पांच मजदूर दब गए. इसमें एक की मौत हो गई, जबकि चार मजदूरों को ​बचाव दल ने निकाल लिया. मृत मजदूर का शव आठ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका. इधर, घटना की सूचना मिलते ही करणी सेना के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने शव को फैक्ट्री परिसर में रखकर धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की. प्रशासन ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया.

तालेड़ा के पुलिस उपाधीक्षक तालेड़ा हेमंत गौतम ने बताया कि ऑयल फैक्टी में शनिवार सुबह फैक्ट्री में मजदूर अपना काम कर रहे थे. इस बीच सुबह 10 बजे बैरल पाइप के साथ डोम फट गया. धमाके के साथ ही वहां काम कर रहे 5 मजदूर डोम में भरे सोयाबीन में और टीन शेड में दब गए. चार मजदूरों को तो घटना के कुछ देर बाद ही मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जबकि जाखमुंड निवासी 40 वर्षीय रघुवीर सिंह हाडा सोयाबीन के ढेर में दब गया. मजदूर को निकालने के लिए सिविल डिफेंस की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू आपरेशन चलाया. आखिरकार 8 घंटे की मशक्कत के बाद मजदूर रघुवीर का शव बाहर निकाला जा सका. मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

ऑयल फैक्ट्री में हादसा. (ETV Bharat Bundi)

पढ़ें: जोधपुर में आग का तांडव : चूड़ी कारखाना और केमिकल फैक्ट्री धधकी, फायरमैन झुलसा

करणी सेना के पदाधिकारियों का प्रदर्शन: इधर, मजदूर रघुवीर की मौत से उसके परिजनों में रोष व्याप्त हो गया. घटना की सूचना पर करणी सेना के संभाग अध्यक्ष बुंदेल सिंह राठौड़ और जिलाध्यक्ष चंद्र सिंह शक्तावत अपने समर्थकों के साथ घटना स्थल पहुंचे. उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को फैक्ट्री परिसर में रखकर प्रदर्शन किया. करणी सेना के संभाग अध्यक्ष बुंदेल सिंह राठौड़ ने मांग कहा कि जब तक आर्थिक सहायता के रूप में 50 लाख रुपए नहीं दिए जाएंगे, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा. शनिवार शाम तक प्रदर्शन जारी था. मौके पर पुलिस का भारी बंदोबस्त था.

मौके पर पहुंचे अधिकारी: इस घटनाक्रम की सूचना मिलते ही बूंदी से जिला परिषद के सीईओ रवि वर्मा और तालेड़ा के पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फैक्ट्री में पांच थानों का जाप्ता तैनात है. जिला परिषद सीईओ रवि वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों से समझाइश की गई है. उनकी फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता करवाई जा रही है. सरकारी सहायता की जानकारी परिजनों को दे दी गई है. पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम ने बताया कि परिजनों की फैक्ट्री प्रबंधन से नाराजगी है. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात की गई है.