ETV Bharat / sports

पथुम निसांका ने रचा इतिहास, वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज बने

author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : Feb 9, 2024, 7:36 PM IST

Updated : Feb 9, 2024, 11:04 PM IST

श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. निसांका यह कारनामा करने वाले श्रीलंका के पहले और दुनिया के 10वें खिलाड़ी बन गए हैं. पढ़ें पूरी खबर.

Pathum Nissanka
पथुम निसांका

पल्लेकेले (श्रीलंका) : श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच यहां पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में श्रीलंका के दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने इतिहास रच दिया है. निसांका वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले श्रीलंका के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 139 गेंद में 210 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले निसांका वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के सिर्फ 10वें खिलाड़ी बने.

दोहरा शतक जड़ने वाले पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता मिला. जिसके बाद मैदान पर श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज निसांका का तूफान आया. निसांका ने 139 गेंद का सामना करते हुए 210 रनों की ताबड़तोड़ रिकॉर्डतोड़ पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 20 चौके और 8 छक्के जड़े. इस दोहरे शतक के साथ ही वो वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए.

निसांका ने 136 गेंद में दोहरा शतक बनाया, और ईशान किशन और ग्लेन मैक्सवेल के बाद सबसे तेज दोहरा शतक बनाने वाले खिलाड़ी भी गए.

200 रन बनाने वाले दुनिया के 10वें बैटर
'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं. वहीं, श्रीलंका के पथुम निसांका यह कारनामा करने वाले अब दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए हैं. भारत के कप्तान रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा 3 वनडे दोहरे शतक दर्ज हैं, जिसमें वनडे क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 264 रन भी शामिल हैं, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ही बनाया था.

वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज :-

  1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 200* बनाम दक्षिण अफ्रीका, फरवरी 2010
  2. वीरेंद्र सहवाग (भारत) - 219 बनाम वेस्ट इंडीज, दिसंबर 2011
  3. रोहित शर्मा (भारत) - 3 बार 264 (सर्वोच्च) बनाम श्रीलंका, 209 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया और 208* बनाम श्रीलंका
  4. क्रिस गेल (वेस्ट इंडीज) - 215 बनाम जिम्बाब्वे, फरवरी 2015
  5. मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) - 237* बनाम वेस्ट इंडीज, मार्च 2015
  6. फखर जमान (पाकिस्तान) - 210* बनाम जिम्बाब्वे, जुलाई 2018
  7. ईशान किशन (भारत) - 210 बनाम बांग्लादेश, दिसंबर 2022
  8. शुभमन गिल (भारत) - 208 बनाम न्यूजीलैंड, जनवरी 2023
  9. ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) - 201* बनाम अफगानिस्तान, नवंबर 2023 (क्रिकेट वर्ल्ड कप)
  10. पथुम निसांका (श्रीलंका) - 210* बनाम अफगानिस्तान, 2 फरवरी 2024 (आज)

ये भी पढे़ं :-

Last Updated : Feb 9, 2024, 11:04 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.