ETV Bharat / bharat

बृजभूषण शरण के बेटे करण भूषण उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष निर्वाचित, निलंबित अध्यक्ष संजय सिंह ने रखा नाम का प्रस्ताव

author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : Feb 11, 2024, 10:44 PM IST

गोंडा में कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया है. इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों का भी चयन हुआ है.

Etv Bharat
Etv Bharat

गोंडा : जिले में रविवार को भारतीय कुश्ती संघ के निलंबित राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में एजीएम की बैठक आयोजित की गई. जिसमें कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष, सुरेश चंद्र उपाध्याय को महासचिव चुना गया. सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर भारतीय कुश्ती संघ के संजय सिंह ने मिठाई खिलाकर बधाई दी.

उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का चुनाव सेवानिवृत न्यायाधीश अनिल कुमार सिंह के निगरानी में कराया गया. संघ के निलंबित राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा. प्रस्ताव पर सभी ने समर्थन किया. चुनाव में करण भूषण प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष, सुरेश चंद्र उपाध्याय को महासचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर संजय कुमार सिंह और उपाध्यक्ष पद पर विजय शंकर यादव, जयप्रकाश शर्मा, सुनील राजपूत, आदित्य प्रताप और आनंद देव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए.

जॉइंट सेक्रेटरी के दो पदों पर चंद्र विजय सिंह और छतर सिंह, कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए अखंड वीर सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए. इस बैठक में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की तरफ से पांच एजीएम भी चुने गए हैं. इस चुनाव में ओलंपिक एसोसिएशन की तरफ से प्रमेन्द्र सिंह और भारतीय कुश्ती संघ द्वारा नामित एसपी देशवाल पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे.

वहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण भूषण का माल्यार्पण कर स्वागत किया. इस दौरान राजीव सिंह, रानू विकास बागी, संतोष बंटी, अभिषेक सिंह, गोलू, हिंदू भूषण समेत कई लोग उपस्थित रहे.

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष करण भूषण सिंह ने कहा कि पिछले कई माह से उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का चुनाव नहीं हुआ था. इसके कारण सारी गतिविधियां रुकी हुई थीं. अब चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई है. कुश्ती को ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास किया जाएगा. जल्द ही कुश्ती चैंपियनशिप भी कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें : भारतीय कुश्ती संघ के निलंबित अध्यक्ष संजय सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, FIR

यह भी पढ़ें : संजय सिंह बोले- मैं ही कुश्ती संघ का अध्यक्ष, खेल मंत्रालय की कमेटी नहीं मानता; अब कोर्ट में दंगल

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.