उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

अक्टूबर में मोदी के संसदीय क्षेत्र से प्रियंका करेंगी चुनावी शंखनाद

By

Published : Sep 30, 2021, 10:36 PM IST

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी 9 अक्टूबर को वाराणसी से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभियान शुरू करेंगी. यहीं से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा शुरू होगी.

प्रियंका गांधी.
प्रियंका गांधी.

लखनऊःकांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस से चुनावी बिगुल फूंकेंगी. आगामी 9 अक्टूबर से प्रियंका गांधी का ये चुनावी अभियान शुरू होगा. यहीं से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का शुभारंभ होगा. यह प्रतिज्ञा यात्रा उत्तर प्रदेश की चारों दिशाओं में जाएगी, जिससे कांग्रेस पार्टी जनता के बीच खुद को मजबूती से स्थापित कर सके. वहीं, नवंबर माह में लखनऊ में महारैली करने का भी पार्टी का प्लान है.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी अब पूरे दमखम से उतरने को तैयार है. प्रियंका गांधी ने तय कर लिया है कि बनारस से ही चुनावी बिगुल फूंका जाए, क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है. चूंकि सूरज पूरब में उगता है, ऐसे में चुनावी अभियान के लिए पूर्व दिशा को ही प्रियंका गांधी ने चुना है. बनारस से ही प्रियंका गांधी प्रतिज्ञा यात्रा शुरू करेंगी, जिसमें जनता से जो वादे किए जाएंगे उनको पूरा करने का वचन कांग्रेस पार्टी के नेता देंगे.

अपने लखनऊ दौरे में प्रियंका गांधी ने प्रतिज्ञा यात्रा को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की और यह तय किया कि यात्रा पांच के बजाय चार रूटों से निकाली जाए. पार्टी के नेता बताते हैं कि प्रतिज्ञा यात्रा की जिम्मेदारी जिन नेताओं को दी जाएगी, वह तो इसमें शामिल होंगे ही. साथ ही बड़े नेता भी लगातार प्रतिज्ञा यात्रा में शिरकत करेंगे. चारों दिशाओं में प्रतिज्ञा यात्रा पूरी होने के बाद लखनऊ में नवंबर माह में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. संभवत: यह तिथि 19 नवंबर या फिर 22 नवंबर हो सकती है.

चौथे दिन प्रियंका गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय पर बैठकों का दौर शुरू किया. निषाद समाज के प्रतिनिधिमंडल से वे मिलीं, बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल से मिलीं. फ्रंटल संगठनों के साथ भी प्रियंका गांधी ने बैठक कर भविष्य की चुनावी रणनीति तय की. इसके अलावा तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी प्रियंका गांधी ने मुलाकात की.

सोशल मीडिया के पदाधिकारियों के साथ बैठक में प्रियंका गांधी ने कहा कि सोशल मीडिया अपनी बात जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है. सोशल मीडिया के जरिए ही जनता के बीच कांग्रेस पार्टी को पहुंचाया जाए. इसे और मजबूत किया जाए. व्हाट्सएप,.फेसबुक, टि्वटर, इंस्टाग्राम का सदुपयोग किया जाए. हर रोज करोड़ों लोगों तक मैसेज भेजा जाए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया कांग्रेस को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी.

इसे भी पढ़ें-बैठक में दिखा प्रियंका का बदला स्वरूप, कार्यकर्ताओं को नेताओं से ज्यादा तरजीह !



इसके अलावा प्रियंका गांधी ने स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों के साथ हुई बैठक की जिसमें स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह,सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा, वर्षा गायकवाड, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा के साथ ही चारों राष्ट्रीय सचिव मौजूद रहे.

ABOUT THE AUTHOR

...view details