भरतपुर. प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 7 और 8 मार्च को भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में पूंछरी और मथुरा के गोवर्धन में देव दर्शन यात्रा पर आएंगी. यात्रा की तैयारियों को लेकर ना केवल वसुंधरा समर्थक बल्कि भाजपा के भी बड़े-बड़े पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं. भाजपा पदाधिकारियों की माने तो डीग क्षेत्र में करीब 5 हजार से अधिक छोटे- बड़े पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं. इतना ही नहीं बीते कई दिनों से डीग और गोवर्धन के सभी होटल भी फुल हो गए हैं.
यह भी पढ़ें.वसुंधरा राजे की देव दर्शन यात्रा कल से, भरतपुर के पूंछरी में हेलीपैड तैयार, डीजे और गाजे बाजे वाले भी बुक
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि देव दर्शन यात्रा में ना केवल भरतपुर जिले के बल्कि अन्य जिलों से भी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीग क्षेत्र पहुंच चुके हैं. डॉ. शैलेश सिंह की मानें तो देव दर्शन यात्रा में 50 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है.
जयपुर के डेढ़ हजार वकील भी पहुंचेंगे
भाजपा जिला महामंत्री शिवराज तमरौली की माने तो अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी देव दर्शन यात्रा में शामिल होने के लिए डीग आएंगे. इनमें से काफी लोग तो पहुंच भी गए हैं. इनमें बाड़मेर से 1 हजार, बीकानेर से 1 हजार, झालावाड़ से 2 हजार, जयपुर से 1500 वकीलों के आने की संभावना है. वसुंधरा राजे समर्थक मंच के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र फौजदार ने बताया कि बीते कई दिनों से डीग क्षेत्र में डेरा डाले भाजपा कार्यकर्ता और बाहर से आने वाले पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के चलते डीग और गोवर्धन के सभी होटल फुल हो गए हैं.