भोपाल। मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 3 देशों इंडोनेशिया, मलेशिया और थाइलैंड के साथ अनुबंध करने जा रही है. इसके लिए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर इन देशों की यात्रा के लिए जा रही हैं. यात्रा से पहले उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड से अनुबंध किया जा रहा है जिसके माध्यम से भारत के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. वहीं, रतलाम में बच्चों के वॉशरूम में सीसीटीवी लगाने पर उषा ठाकुर ने मिशनरी स्कूलों पर भी निशाना साधा.
तीन देशों की यात्रा पर जायेंगी मंत्री उषा ठाकुर: विदेशों में मध्य प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति का प्रचार–प्रसार करने के लिए प्रदेश की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर तीन देशों की यात्रा करने जा रही हैं. सात दिवसीय यात्रा के दौरान वह थाईलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया की यात्रा करेंगी. उन्होंने बताया कि " इससे हमारी धर्म, संस्कृति, अध्यात्म, चिंतन शैली, बुद्धि शैली, पर्यटन, पुरातात्विक मंदिरों का प्रचार-प्रसार होगा. बुद्धिज्म के अध्यन के लिए सांची विश्वविद्यालय यहां स्थापित है. हम इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड से अनुबंध करेंगे". ठाकुर ने कहा कि इन देशों की यात्रा से एक दूसरे का सहयोग बढ़ेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इससे रोजगार भी बढ़ेगा जिससे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मध्य प्रदेश भूमिका निभा पाएगा.