झारखंड

jharkhand

Jharkhand Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में दिखा, शीतलहर की वजह से फिर बढ़ी ठंड, आसमान में छाए रहे बादल

By

Published : Jan 18, 2023, 10:18 PM IST

झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. इस कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को ठंड का अहसास अधिक हुआ. वहीं सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और भी बढ़ा दी. वहीं रांची और आसपास के इलाकों में सुबह की शुरुआत कोहरे और धुंध से हुई. अचानक मौसम में क्यों आयी तब्दीली खबर में जानें मौसम वैज्ञानिक की जुबानी.

Cold increased in Jharkhand
Fog in Morning

रांची:झारखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. बुधवार को दिन भर आकाश में बादल बादल छाए रहे. वहीं धुंध की वजह से राजधानी रांची सहित कई इलाकों में धूप खिली हुई नहीं निकली. सूरज की रोशनी में वह तपिश नहीं महसूस की गई, जैसा आम दिनों में लोग महसूस करते थे. साथ ही लोगों को सर्द पछुआ हवा की वजह से ठंड का अहसास अधिक हुआ. मौसम केंद्र रांची ने अपने ताजा मौसम पूर्वानुमान में गुरुवार को भी राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. राज्य के शेष भागों में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने की उम्मीद है.

ये भी पढे़ं-Big Achievement For Jharkhand: मौसम केंद्र रांची बना देश का नंबर वन सेंटर, केंद्रीय मंत्री ने किया पुरस्कृत

झारखंड में अधिकतम तापमान 23.5 और न्यूनतम 7.1 डिग्री सेल्सियसः रांची मौसम केंद्र के कार्यकारी निदेशक और वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मौसम बुलेटिन जारी करते हुए कहा कि पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा है. राज्य में कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी दिखा है. इस दौरान अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस गिरिडीह में रिकॉर्ड हुआ है.

उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड मेंःउत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड के मध्य और दक्षिणी भागों में आसमान में बादल छाए रहे. इस दौरान अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है. गुरुवार 19 जनवरी को राज्य के दक्षिणी जिलों जैसे पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां और मध्य झारखंड जिसमें रांची, बोकारो गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में सुबह में कोहरा या धुंध और फिर आंशिक बादल छा सकते हैं. वहीं 20 और 21 जनवरी को भी सुबह में कोहरा और दिन में आंशिक बादल बनने के साथ मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा. वहीं 23 और 24 जनवरी की सुबह में कोहरा के बाद आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है.

किस शहर में कितना रहा तापमान: पिछले 24 घंटे में रांची में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 08.9 डिग्री सेल्सियस रहा, बोकारो में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 09.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, देवघर में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

19 से 22 जनवरी तक सुबह के वक्त छाया रहेगा कोहराः मौसम केंद्र रांची की ओर से राजधानी रांची के लिए जारी विशेष मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि 19 जनवरी से 22 जनवरी तक रांची और आसपास के इलाकों में सुबह में कोहरा या धुंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान रांची का न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियम के बीच और अधिकतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

ABOUT THE AUTHOR

...view details