झारखंड

jharkhand

दिवाली के साथ झारखंड में ठंड ने भी मारी एंट्री, जानिए छठ के दौरान कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Nov 13, 2023, 8:09 AM IST

Updated : Nov 13, 2023, 8:45 AM IST

दिवाली के साथ ही झारखंड में ठंड ने भी एंट्री कर ली है. राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. पर्व-त्योहार के इस मौसम में ठंड ने भी अपने रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं. आने वाले दिनों में छठ महापर्व है, ऐसे में इन दिनों कैसा रहेगा मौसम का मिजाज जानते हैं इस रिपोर्ट में... Jharkhand weather update.

Jharkhand weather update
Jharkhand weather update

रांची: दिवाली बीतने के साथ ही झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं. सोमवार सुबह रांची समेत कई शहरों में कोहरा छाया रहा. लोगों ने अपने ठंड के कपड़े निकाल लिए हैं. कहीं कहीं कुछ लोग हाल्फ स्वेटर में दिखे तो कहीं-कहीं लोग फुल स्वेटर में भी दिखे.

झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम में न्यूनतम पारा रविवार को 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो राज्य में सबसे कम था. वहीं नामकुम में अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू में सबसे कम अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया.

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है. ऊपरी स्तर पर शुष्क और ठंडी हवा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. अगले पांच दिनों के अनुमानित तापमान की बात करें तो सोमवार को रांची में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है. बुधवार को यानी 15 नवंबर को रांची में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव के आसार नहीं हैं, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. गुरुवार 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

छठ के दौरान मौसम का मिजाज: 17 नवंबर से छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है शुक्रवार को नहाय खाय है. इस दिन अधिकतम तापमान में मामूली कमी का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान कोई बदलाव के चांस नहीं हैं. इस दिन अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक रह सकते हैं. खरना के दिन शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रह सकते हैं. संध्या अर्घ्य के दिन रविवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक रहने का अनुमान है. वहीं सुबह के अर्घ्य के दिन सोमवार (20 नवंबर) को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रह सकते हैं.

Last Updated :Nov 13, 2023, 8:45 AM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details