नई दिल्ली: दिल्ली सरकार यमुना की सफाई के नाम पर हर साल करोड़ों रुपए खर्च करती हैं, लेकिन यमुना की हालत सालों से बदहाल ही है. यमुना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बुराड़ी विधानसभा में कूड़े का अंबार लगा हुआ है. यहां के लोगों का आरोप है कि दिल्ली नगर निगम की गाड़ियां भी यहीं कूड़ा डालती हैं, जिसकी वजह से इस क्षेत्र में गन्दगी का अंबार लगा है. यमुना में हर साल बाढ़ आता है जिसके कारण यह कूड़ा बहकर पानी में चला जाता है.
लोगों का कहना है कि यमुना में फैली गंदगी पर दिल्ली सरकार और इलाके के प्रतिनिधियों का कोई ध्यान नहीं है. इलाके के लोग सरकार पर ही लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, जबकि बुराड़ी विधायक संजीव झा ने कहा कि मल्टी गवर्नेंस होने के कारण काम ढंग से नहीं हो रहा. केंद्र सरकार और दिल्ली नगर निगम पर विधायक ने निशाना साधते हुए कहा कि कुछ समय बाद चुनाव होंगे और दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी उसके बाद ही नियोजित तरीके से काम होगा.
ईटीवी भारत की टीम ने बुराड़ी विधानसभा में यमुना किनारे पड़े कूड़े के अंबार पर स्थानीय लोगों और विधायक से बात की, स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर कूड़ा डालने के लिए कालोनियों के लोग आते हैं. बुराड़ी विधानसभा में यमुना क्षेत्र हैं, जबकि दूसरी ओर दर्जनों छोटी बड़ी कालोनियां बसी हुई हैं. इन कॉलोनियों में लाखों की संख्या में आबादी हैं. बुराड़ी क्षेत्र में कूड़ा घर होने की कमी के चलते लोग अपने घरों का कूड़ा यमुना क्षेत्र में डाल रहे हैं.