जयपुर में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी पट्टे और सील भी मिली
आरोपियों के पास नकली नोट के साथ ही अलग-अलग सोसायटी और जेडीए के नकली पट्टे, फर्जी सील भी मिली हैं.
Published : December 4, 2025 at 6:10 PM IST
जयपुर:राजधानी में नकली नोट खपाने वाली एक गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जयपुर के विद्याधर नगर थाना इलाके में जिला विशेष टीम (डीएसटी) और विद्याधर नगर थाने की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 81,700 रुपए कीमत के नकली नोट, नकली पट्टे और फर्जी सील भी बरामद हुई हैं. अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहा है.
जयपुर उत्तर एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. नकली नोट के साथ विशाल रावत और हरिकृष्ण बाहेती उर्फ गुरुजी को गिरफ्तार किया है. उनके पास नकली नोट के साथ ही अलग-अलग सोसायटी और जेडीए के नकली पट्टे, फर्जी सील भी मिली हैं. उनके कब्जे से 81,700 रुपए कीमत के 100-200 रुपए के नकली नोट मिले हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल इस गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ और जांच जारी है. जिसमें इनसे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि नकली नोट बनाने और इन्हें बाजार में खपाने में कुछ और लोग भी इनकी मदद करते थे. उनकी भी आगे गिरफ्तारी होगी.
पढ़ें: नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 44 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
बाजार में नोट खपाने पर 25 फीसदी कमीशन: उन्होंने बताया कि आरोपी नकली नोट बाजार में खपाने के लिए एक गिरोह के रूप में काम करते थे. उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना नकली नोट बाजार में चलाने के बदले अपने गुर्गों को 25 फीसदी कमीशन देता था. बाकि रकम खुद रखता था. यह गिरोह नकली नोट बाजार में खपाने के साथ ही फर्जी पट्टे बनाने और सील बनाने का काम भी करते थे. पकड़े गए दोनों आरोपी फर्जी सील बनाने में माहिर हैं. एक बार देखने के बाद ये हूबहू सील बना देते हैं.
नकली नोट देने वाले की तलाश जारी: इनसे पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि ये नकली नोट कहां से लाते और अब तक कितने नोट किसके माध्यम से बाजार में खपाए गए हैं. इसके साथ ही नकली पट्टे और सील का कहां-कहां उपयोग किया गया है. इसके बारे में भी पड़ताल की जा रही है. अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों का एक साथी नकली नोट मुहैया करवाता था. उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है.