चंडीगढ़ में हरियाणा बीजेपी की उच्च-स्तरीय बैठक, पार्टी और सरकार के वरिष्ठ नेता हुए शामिल, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
चंडीगढ़ में हरियाणा सीएम आवास पर बीजेपी की उच्च-स्तरीय बैठक में संगठन से जुड़े कई मुद्दों के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई.
Published : August 17, 2026 at 2:57 PM IST
चंडीगढ़ःहरियाणा के मुख्यमंत्री आवास में चंडीगढ़ में सोमवार एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया. चंडीगढ़ की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, सभी विधायक, सभी सांसद और चुनाव में हार चुके विधायक-सांसद उम्मीदवारों ने भी हिस्सा लिया.
सरकार और पार्टी के काम-काज का धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन पर हुई चर्चाः हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि "बैठक में पार्टी और सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई. बैठक के हाल में संपन्न तिरंगा यात्रा की सफलता, आगामी रविदास जयंती और मोदी जी के जन्मोत्सव का भव्य तरीके से आयोजन पर चर्चा हुई. इस दौरान सरकार के कामकाज को जन-जन और प्रभावी ढ़ंग से ले जाने पर सहमति बनी. इस दौरान संगठन के काम-काज को और बेहतर तरीके से धरातल पर ले जाने को लेकर चर्चा हुई."
सफाईकर्मियों पर जल्द निर्णय की उम्मीदःमीडिया की ओर से सफाईकर्मियों और दमकल कर्मियों के हड़ताल के सवाल पर विपुल गोयल ने कहा कि "सफाईकर्मी और दमकल कर्मियों के संगठन से लगातार बातचीत हो रही है. इस पर लगातार चर्चा चल रही है. जल्द ही उसपर कोई निर्णय आयेगा."
राष्ट्रीय नेतृत्व और सीएम का निर्देशन:सीएम आवास पर बैठक से पूर्व हरियाणा के कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि "पार्टी संगठन की बैठक है. अलग-अलग विषयों पर जो हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व और सीएम के निर्देशन सबको मिलेगा. उस पर काम करने के साथ ही पार्टी और सरकार के कार्यक्रम जनता तक कैसे पहुंचे उस पर चर्चा है."
पंजाब चुनाव पर कोई चर्चा नहीं हुईःपार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग बैठक में हैं. क्या पंजाब चुनाव को लेकर कोई चर्चा है. इस पर गौरव गौतम ने कहा कि "हरियाणा की बैठक है. सिर्फ हरियाणा को लेकर चर्चा है. पंजाब चुनाव पर कोई चर्चा नहीं हुई है."
'सरकार क्राइम पर जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है':जीवन कुंडु हत्याकांड में सरकार के साथ सहमति बनने पर उन्होंने कहा कि "अपराधी कोई भी हो, अपराधी अपराधी होता है. कोई भी बचेगा नहीं, सीएम के नेतृत्व में सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है."
'कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी को वंदे मातरम से दिक्कत है':सोनिया गांधी पर लग रहे वंदे मातरम के अपमान के आरोपों पर कांग्रेस की सफाई पर उन्होंने कहा कि "वह सबने सोशल मीडिया के जरिए देखा है. किस तरह सोनिया गांधी वंदे मातरम को रोकने के लिए हाथ कर रहीं थी. कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी को वंदे मातरम से दिक्कत है. किस तरह का वे आने वाली पीढ़ी को संदेश देना चाहती हैं. युवाओं को संदेश देना चाहते हैं. वंदे मातरम के आपमन के साथ वह कांग्रेस चलाना चाहते हैं. यह उनको सोचना चाहिए."