छत्तीसगढ़

chhattisgarh

ETV Bharat / state

एमसीबी में रोजगार सहायक को हटाने की मांग, बहरासी पंचायत के लोगों ने खोला मोर्चा

सरपंच और पंच का आरोप है कि VB G RAM G कार्यों में रोजगार सहायक अपनी मनमानी कर रहा है. रजनीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट.

COMPLAINT OF EMPLOYMENT ASSISTANT
एमसीबी में रोजगार सहायक को हटाने की मांग (ETV Bharat)

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 25, 2026 at 3:21 PM IST

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: ग्राम पंचायत बहरासी में VB G RAM G योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों पर विवाद बढ़ता जा रहा है. सरपंच चंद्रभान बैगा और उपसरपंच सहित पंचों ने रोजगार सहायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार सहायक मनमाने तरीके से कार्य करा रहे हैं, ग्रामीणों और सरपंच से कोई सलाह मशविरा तक नहीं किया जा रहा है. सरपंच और उपसरपंच सहित पंचों का आरोप है कि मजूरों को भुगतान भी नियत समय पर नहीं दिया जा रहा. ग्रामीणों का ये भी आरोप है कि VB G RAM G योजना के तहत कराए जा रहे कामों में कथित रुप से अनियमितता बरती जा रही है.

रोजगार सहायक को हटाने की मांग

ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित रोजगार सहायक को यहां से हटाकर कहीं और स्थानांतरित कर दिया जाए. सरपंच चंद्रभान बैगा का कहना है कि उन्होने 12 जून 2026 को ही कलेक्टर से इस बात की शिकायत आवेदन के जरिए की थी. उससे पहले 9 दिसंबर 2025 को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है. वहां से कार्रवाई नहीं होने पर 12 जून को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था. लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

एमसीबी में रोजगार सहायक को हटाने की मांग (ETV Bharat)

VB G RAM G कार्य के दौरान 45 मजदूरों के फर्जी हस्ताक्षर से फर्जी हाजिरी बनाई गई. इससे जुड़े दस्तावेज हमारे पास मौजूद हैं. संबंधित अधिकारियों से हमने इस बात की शिकायत की. शिकायत के बाद जांच टीम गांव पहुंची थी. लेकिन ग्रामीणों के सामने जांच में फर्जी हाजिरी और गड़बड़ी से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई: चंद्रभान बैगा, सरपंच

मनरेगा कार्यों में मनमानी का आरोप (ETV Bharat)

VB G RAM G योजना के तहत हमने काम किया, लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी हमें मजदूरी नहीं मिली. छह महीन से हमें अपनी मजदूरी मिलने का इंतजार है: कमलेश, मजदूर

मनरेगा कार्यों में मनमानी का आरोप (ETV Bharat)

पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंच और ग्रामीणों ने मिलकर रोजगार सहायक को हटाने के लिए जनपद पंचायत से लेकर जिला पंचायत और कलेक्टर कार्यालय तक आवेदन दिए हैं. रोजगार सहायक के काम करने के तरीके से पंचायत तक के लोग संतुष्ट नहीं हैं. यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती है तो ग्रामीण आगे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे: बलजीत सिंह, पंच


रोजगार सहायक के पति पर भी आरोप

ग्राम पंचायत बहरासी के सरपंच चंद्रभान बैगा ने रोजगार सहायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ''रोजगार सहायक के पति द्वारा भी पंचायत के कार्यों में दखल दिए जाने और कथित तौर पर अनियमितताएं किए जाने की शिकायत है. संबंधित रोजगार सहायक पर नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई हम चाहते हैं. हम चाहते हैं कि उसे कहीं पदस्थ कर दिया जाए.''

मनरेगा कार्यों में मनमानी का आरोप (ETV Bharat)


रोजगार सहायक ने रखा अपना पक्ष

रोजगार सहायक ने कहा, ''सरपंच, उपसरपंच और पंचों द्वारा उसकी शिकायत जनपद पंचायत, जिला पंचायत, कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री तक से की गई है. हमने कोई गलत काम नहीं किया है, शिकायत करते रहें, कोई फर्क नहीं पड़ता.''


मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह राठौर का बयान

जनपद पंचायत भरतपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह राठौर ने कहा, ''मामले में जिला स्तर की टीम जांच के लिए गांव पहुंची थी, जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है. जिला पंचायत सीईओ के स्तर से दोबारा जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.''

रोजगार सहायक के बारे में जानिए

  • VB G RAM G योजना के तहत नियुक्त किया जाता है संविदा कर्मी
  • मजदूरों का जॉब कार्ड बनाने का है काम
  • रजिस्टर्ड मजदूरों को रोजगार दिलाना है इसका काम
  • पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं में रोजगार सहायक करता है मदद
  • जियो टैगिंग और डाटा एंट्री का करता है काम
  • इसकी नियुक्ति ग्राम पंचायत में अनुबंध के स्तर पर होती है
  • काम की मांग दर्ज करने की होती है इसके पास जिम्मेदारी
  • ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार देने की होती है इनके पास जिम्मेदारी
  • मस्टर रोल भी बनाने का करते है ये काम


पहले मनरेगा अब वीबी-जी राम जी योजना

वीबी-जी राम जी योजना का पूरा नाम है विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन. केंद्र की मोदी सरकार की यह नई ग्रामीण रोजगार योजना है. 1 जुलाई 2026 से ये पूरे देश में लागू हुई. केंद्र सरकार का कहना है कि इस नई योजना के तहत मजदूरों के हितों को पहले से ज्यादा सुरक्षित रखा गया है. योजना के तहत मजदूरों को पहले की अपेक्षा रोजगार के ज्यादा दिन भी मिलेंगे. पहले ये योजना मनरेगा के नाम से चल रही थी. मनरेगा में जहां 100 दिनों का काम लोगों को मिलता था, वहीं वीबी-जी राम जी योजना के तहत 125 दिन का काम मजदूरों को मिल रहा है.

एमसीबी में बड़ा हादसा, चार बच्चे डूबे, तीन को युवक ने बचाया, एक की नहीं बच सकी जान

मनेंद्रगढ़ में महिला पर भालू का हमला, अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालत गंभीर

डीएवी पब्लिक स्कूल में अव्यवस्थाओं का अंबार, टपकती छत छात्रों के लिए जानलेवा, बदबूदार शौचालय खोल रहे पोल