1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए महिला पटवारी गिरफ्तार, आज कोर्ट में किया जाएगा पेश
महिला पटवारी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. जमीन के वैल्यू सर्टिफिकेट के एवज में मांगी थी रिश्वत.
By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 8:18 AM IST
बद्दी:बरोटीवाला पटवार सर्कल में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला पटवारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार पटवारी ने जमीन का वैल्यू सर्टिफिकेट बनाने के एवज में बरोटीवाला निवासी एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी.
इस संबंध में बद्दी विजिलेंस कार्यालय में पटवारी के खिलाफ शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया. विजिलेंस ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय भेजा, जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम को लिया विजिलेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. विजिलेंस अधिकारियों ने मामले से संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
आज कोर्ट में किया जाएगा पेश
सोमवार शाम पटवारी को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. टीम ने उसके कब्जे से एक लाख रुपये बरामद किए हैं. आईजी विजिलेंस विमल गुप्ता ने बताया कि 'आरोपी पटवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी.' विजिलेंस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा.
आरोपी पटवारी पर गिर सकती है निलंबन की गाज
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों की ओर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. विभाग ने भी महिला पटवारी के खिलाफ जांच बिठा दी है, ताकि राजस्व कार्य सहित अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके. माना जा रहा है कि आरोपी महिला पटवारी को निलंबित किया जा सकता है. जांच के दौरान ये पता लगाया जाएगा कि क्या इस तरह से पहले भी किसी से रिश्वत ली गई है या नहीं.