ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों पर नकली बारकोड लगा कीमतों में करता था हेराफेरी...पकड़ा गया
बिलिंग और रिकॉर्ड के मिलान पर खुलासा हुआ. केस दर्ज कर अनुसंधान किया तो पकड़ा गया एक युवक.
Published : November 18, 2025 at 2:04 PM IST
अलवर: शहर के अरावली विहार थाना पुलिस ने कंपनी उत्पादों पर नकली बारकोड लगा कीमतों में हेराफेरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया. आरोपी ब्रांडेड कंपनियों के उत्पाद में अपने बनाए बारकोड लगा नामी कंपनियों को बड़े आर्थिक नुकसान पहुंचाने की फिराक में था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
अरावली विहार थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि 16 नवंबर 2025 को मार्ट के कर्मचारी ने थाने में प्रकरण दर्ज कराया कि उपला सोनावा निवासी आरोपी नरेंद्र पुत्र कुशाल मार्ट में रखे उत्पादों पर अपने बनाए नकली बारकोड लगाकर कंपनी के साथ धोखाधड़ी कर रहा है. आरोपी खुद के फायदे के लिए ऐसा करता था. बिलिंग और रिकॉर्ड के मिलान पर खुलासा हुआ. इस पर केस दर्ज कर अनुसंधान किया. जांच में पता लगा कि आरोपी ने मार्ट में रखे तीन उत्पादों पर अपना नकली बारकोड चिपकाया. इसमें ब्रांडेड कंपनियों के टूथपेस्ट और बाम जैसे उत्पाद शामिल हैं.
पढ़ें: अलवर: फर्जी मार्कशीट से डाक विभाग की नौकरी पाने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
ऐसे दिया घटना को अंजाम:आईओ शंकर लाल ने बताया कि आरोपी एक दिन पहले मार्ट में जाकर उत्पादों के बारकोड के मोबाइल में फोटो खींचता था. इसके बाद नकली बारकोड बनाकर उत्पादों पर चिपकाता था. आरोपी ने हाल में ऐसा करना शुरू किया. इससे कंपनी को नुकसान और आरोपी को फायदा होता. फिलहाल जांच की जा रही है कि उसके साथ अन्य कोई व्यक्ति तो शामिल नहीं है.