एक रन ने तोड़ा जम्मू-कश्मीर का सपना, मैच ड्रॉ फिर भी केरल को मिल गया सेमीफाइनल का टिकट
रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में केरल 1 रन की लीड की वजह से सेमीफाइनल में पहुंच गया.
Published : February 13, 2025 at 7:00 PM IST
हैदराबाद: रणजी ट्रॉफी की तारीख में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई टीम सिर्फ एक रन की बढ़त की वजह से सेमीफाइनल में पहुंच गई हो. दरअसल केरल और जम्मू कश्मीर के बीच खेले गए रणजी ट्रॉफी 2024-25 के क्वार्टर फाइनल मैच में ये करिश्मा हो गया.
1 रन की लीड की वजह से सेमीफाइनल में पहुंचा केरल
पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया मैच ड्रॉ रहा, लेकिन केरल पहली पारी में एक रन की बढ़त हासिल करने में सफल रहा था, जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर का पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया और केरल सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया.
केरल vs जम्मू-कश्मीर क्वार्टर फाइनल मैच
पहली पारी में जम्मू-कश्मीर की पारी को 280 रनों पर समेटने के बाद केरल पहली पारी में 281 रन बनाने में कामयाब रहा, जिसमें आखिरी विकेट के लिए 81 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी शामिल है. दूसरी पारी जम्मू-कश्मीर ने 399/9 पर घोषित कर दी और 1 रन की लीड के कारण केरल को 399 रनों का लक्ष्य मिला.
दूसरी पारी में केरल की टीम 6 विकेट खोकर 295 रन ही बना सकी और वो मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रहे. जिसकी वजह से रणजी ट्रॉफी में यह एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिला कि केरल एक रन की लीड से सेमीफाइनल में पहुंच गया.
जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट टीम को सम्मानित करेगा
रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए जम्मू कश्मीर पुरुष सीनियर टीम को शुक्रवार को जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सम्मानित किया जाएगा. सम्मान समारोह सुबह 11 बजे जेकेसीए ग्राउंड पर आयोजित किया जाएगा. जम्मू कश्मीर की टीम ने मुंबई जैसी टीम को हराया है, जिसमें भारतीय राष्ट्रीय टीम के सात खिलाड़ी खेल रहे थे.
रणजी ट्रॉफी 2025 चार सेमीफाइनलिस्ट
रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में विदर्भ ने तमिलनाडु को, मुंबई ने हरियाणा को, गुजरात ने सौराष्ट्र को और केरल ने जम्मू कश्मीर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. जहां अब 17 फरवरी से सेमीफाइनल में विदर्भ का सामना मुंबई से और केरल का मुकाबला गुजरात से होगा.