ETV Bharat / sports

रणजी ट्रॉफी: मुंबई, विदर्भ और गुजरात पहुंचे सेमीफाइनल में, जम्मू-कश्मीर और केरल के बीच मैच जारी

Ranji Trophy 2025: रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में विदर्भ ने तमिलनाडु को, मुंबई ने हरियाणा को और गुजरात ने सौराष्ट्र को हरा दिया है.

रणजी ट्रॉफी: मुंबई, विदर्भ और गुजरात पहुंचे सेमीफाइनल में
रणजी ट्रॉफी: मुंबई, विदर्भ और गुजरात पहुंचे सेमीफाइनल में (IANS PHOTO)
author img

By ETV Bharat Sports Team

Published : February 11, 2025 at 10:14 PM IST

|

Updated : February 11, 2025 at 10:55 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: करुण नायर की शतकीय पारी की बदौलत विदर्भ ने क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु को 198 रनों से हरा दिया. जिसके बाद सेमीफाइनल में उनका सामना मुंबई से होगा. जो कि उनके घरेलू मैदान नागपुर में खेला जाएगा. क्योंकि विदर्भ ने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में सर्वाधिक अंक हासिल कर नॉकआउट में प्रवेश किया था. 401 रनों का पीछा कर रही तमिलनाडु की टीम महज़ 202 रनों पर ही सिमट गई.

vidarbha vs tamil nadu क्वार्टर फाइनल मैच
प्लेयर ऑफ द मैच करुण नायर को चुना गया जिन्होंने पहले दिन 122 रनों की पारी खेल विदर्भ के लिए मैच बनाया था. दानिश मालेवर के साथ 98 रनों की साझेदारी के चलते विदर्भ की वापसी संभव हो पाई थी. उसके बाद नायर ने दुबे के साथ भी 106 रनों की साझेदारी की थी जिसके चलते विदर्भ पहली पारी में 353 के स्कोर तक पहुंच पाया था. इसके जवाब में तमिलनाडु की टीम पहली पारी में 225 रन ही बना सकी.

दूसरी पारी में विदर्भ का शीर्ष क्रम कमाल नहीं दिखा पाया लेकिन पहली पारी में मिली 128 रनों की बढ़त ने विदर्भ को काफी लाभ पहुंचाया. यश राठौड़ ने दूसरी पारी में शानदार 112 रनों की पारी खेली और दुबे के साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 120 रन भी जोड़े. जिसकी वजह से विदर्भ ने तमिलनाडु के सामने 401 रनों का लक्ष्य रखा लेकिन तमिलनाडु की टीम महज 202 रनों पर ही सिमट गई.

मुंबई की जीत में चमके शार्दुल और रहाणे
मुंबई ने ईडन गार्डन्स में हरियाणा को 153 रनों से शिकस्त देकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया हैं. शार्दुल ठाकुर ने मैच में कुल नौ विकेट चटकाए. मुंबई ने इस मैच का पासा पहले दिन 94 पर छह विकेट गंवाने के बाद पलटा.

Mumbai vs haryana क्वार्टर फाइनल मैच
तनुष कोटियान और शम्स मुलानी के बीच आठवें विकेट के लिए हुई 165 रनों की साझेदारी की बदौलत मुंबई ने कुल 301 रन बनाए. हालांकि हरियाणा ने भी जवाब में तीन विकेट के नुकसान पर 208 रन बना लिए थे लेकिन यहां से हरियाणा की पारी लड़खड़ा गई और वह पहली पारी में मुंबई से 15 रनों से पिछड़ गई. पहली पारी में हरियाणा की ओर से उनके कप्तान अंकित सिंह ने 136 रनों की पारी खेली.

इसके बाद दूसरी पारी में मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे की 108 रनों की पारी की बदौलत मुंबई मैच में आगे हो गया. रहाणे ने सूर्यकुमार के साथ 129 रनों की साझेदारी की थी और भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार ने भी 70 रनों की अहम पारी खेली. इसके बाद शिवम दुबे के 48 रनों की बदौलत मुंबई ने हरियाणा पर अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया.

मुंबई 400 से अधिक की बढ़त हासिल करने की ओर बढ़ रही थी लेकिन चौथे दिन की सुबह उन्होंने 25 रनों के भीतर अपने छह विकेट गंवा दिए जिसके चलते हरियाणा को जीत के लिए 364 रनों का लक्ष्य मिला. हालांकि हरियाणा की टीम कभी भी मुक़ाबले में नहीं रह पाई क्योंकि उन्होंने 60 के स्कोर पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे. सलामी बल्लेबाज लक्ष्य दलाल ने सबसे ज़्यादा 64 रन जबकि सुमित कुमार ने 62 रनों की पारी खेली और दोनों ने छठे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी भी की लेकिन यह साझेदारी मुंबई को जीत हासिल करने से रोकने में असफल साबित हुई.

saurashtra vs gujarat क्वार्टर फाइनल मैच
उर्विल पटेल के शतक की बदौलत गुजरात ने सौराष्ट्र को पारी और 98 रनों से धूल चटा दी. रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में गुजरात की भिड़ंत जम्मू-कश्मीर और केरल के बीच जारी मैच के विजेता से होगी.

गुजरात की 511 रनों वाली पारी में उर्विल ने सबसे ज्यादा 140 रन बनाए जिसके चलते गुजरात को 295 रनों की बढ़त हासिल हुई. उर्विल की इस पारी को जयमीत पटेल (103) और मनन हिंगराजिया (83) का सहयोग मिला. बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित होने के बाद सौराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 216 रन बनाए. दूसरी पारी में सौराष्ट्र की टीम महज़ 197 रनों पर ही सिमट गई, जिसमें सबसे ज़्यादा 54 रन हार्विक देसाई ने बनाए. चेतेश्वर पुजारा ने दो पारियों में 26 और दो रन बनाए.

जम्मू-कश्मीर और केरल के बीच मैच जारी
चौथे दिन का खेल खत्म होने पर केरल ने 2 विकेट खोकर 100 रन बना लिए है, लेकिन उन्हें यह मैच जीतने के लिए अभी भी 299 रनों की जरूरत है. जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 280 रन बनाए थे जबकि केरल ने पहली पारी में 281 रन बनाए थे जिसकी वजह से उन्हें एक रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हो गई. दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर ने 399 रन बनाए जिसकी वजह से केरल को 399 रनों का लक्ष्य मिला. अगर यह मैच ड्रॉ होता है तो केरल सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा क्योंकि उसे पहली पारी में एक रन की बढ़त हासिल की थी.

Last Updated : February 11, 2025 at 10:55 PM IST