ETV Bharat / state

चंदौली: दर्शना सिंह को राज्यसभा टिकट मिलने पर कार्यकर्ता मना रहे जश्न, जानिए राजनीतिक सफरनामा

author img

By

Published : May 30, 2022, 8:29 AM IST

Updated : May 30, 2022, 8:53 AM IST

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह को राज्यसभा का टिकट मिल गया है. दर्शना सिंह को इस जिम्मेदारी को सौंपने के लिए जिला कार्यकारिणी के समस्त कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद किया. जिले के भर के कार्यकर्ताओं में हर्ष है.

etv bharat
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह

चंदौली: भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए छह नामों की सूची जारी कर दी है. चंदौली की रहने वाली भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह का नाम भी लिस्ट में शामिल है. दर्शना सिंह को राज्यसभा भेजे जाने पर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. जिले भर के नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं.

दर्शना सिंह सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र (Syedaraja Assembly Seat) के चखनियां गांव की निवासी हैं. दर्शना सिंह पिछले एक दशक से भाजपा में सक्रिय हैं. प्रदेश स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं को भाजपा से जोड़ने में इनकी बड़ी भूमिका रही है. विधानसभा और अन्य चुनावों में महिलाओं को लेकर इनके अभियानों का व्यापक असर दिखा है. इसका सीधे तौर पर पार्टी को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) में फायदा मिला. भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी क्षमता को देखते हुए उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है.

दर्शना सिंह मूलरूप से जौनपुर की रहने वाली हैं. उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से स्नातक और फिर पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है. यूनिवर्सिटी में शिक्षा के समय ही उनके मन में राजनीतिक दिलचस्पी बढ़ गई थी. लेकिन, उन्होंने चुनाव लड़ने से खुद को दूर रखा. उन्होंने भाजपा से अपने सक्रिय राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की. उसके बाद वह चंदौली में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनीं. दर्शना सिंह को बाद में क्षेत्रीय मंत्री काशी के रूप में जिम्मेदारी दी गई. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के सानिध्य में उन्हें महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया गया.

चंदौली में जश्न: लोकसभा चुनाव में अपेक्षित कामयाबी मिलने के बाद दर्शना सिंह को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई और अब उन्हें यूपी कोटे से पार्टी ने राज्यसभा का टिकट दे दिया है. इसके बाद से ही चन्दौली में जश्न का माहौल है. जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है. दर्शना सिंह को राज्यसभा का टिकट देकर उच्च सदन में भेजने का काम किया है.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव : BJP उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, मुख्तार अब्बास नकवी का नाम नहीं

जिले से पहली बार कोई राज्यसभा जाएगा: चंदौली राजनीतिक रूप से काफी समृद्ध रहा है. सूबे के मुख्यमंत्री से लेकर कई केंद्रीय मंत्री इस जनपद से हैं. लेकिन, जिले के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा. जब चंदौली से कोई भी राजनेता देश के उच्च सदन राज्यसभा में जाएगा. दर्शना सिंह केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की काफी करीबी मानी जाती हैं.

ऐसी ही जरूरी और विश्वसनीय खबरों के लिए डाउनलोड करें ईटीवी भारत ऐप

Last Updated : May 30, 2022, 8:53 AM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.