ETV Bharat / state

कार्यकर्ताओं से स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- 'आप ही मोदी, आप ही योगी', चुनावी तैयारियों में जुटें

author img

By

Published : Aug 21, 2021, 7:18 AM IST

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पश्चिम विधानसभा की बैठक को संबोधित किया. इस दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 'आप ही मोदी हैं, आप ही योगी हैं'. आपको राष्ट्र निर्माण व समाज कल्याण के लिए अनवरत कार्य करते रहना हैं. यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि आज देश राम राज्य की ओर बढ़ रहा है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पश्चिम विधानसभा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य ही कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है. ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना, जिसमें एक बूथ अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष और सीएम बन पाए. हमारी पार्टी में घर से निकला एक साधारण कार्यकर्ता भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है. ये कार्यकर्ताओं की ऐसी पार्टी है, जिसके कार्यकर्ता बूथ से चलकर राष्ट्रीय स्तर तक की राजनीति कर सकते हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा बनाई गई पार्टी ही विश्व की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो ऐसे कार्यकर्ताओं पर आधारित है, जो भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रवाद के लिए कार्य कर रहे हैं. भाजपा का कार्यकर्ता समाज सेवा व राष्ट्र कल्याण, राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करता है और सांस्कारिक होता है. स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि संगठन की शक्ति के कारण ही कोरोना काल की विपत्ति के समय में भी इतना बड़ा सेवा कार्य किया जा सका. भाजपा ने सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों से छवि को बदला है. एक-एक पदाधिकारी और कार्यकर्ता ने सेवा को ही संगठन बनाने का काम किया.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शक्ति केंद्र संयोजकों व बूथ समिति कार्यकर्ताओं से हमेशा समन्वय बनाए रखें और उनके साथ क्षेत्र में प्रवास के दौरान सभी वर्गों के लोगों को जोड़कर कार्यकर्ता बनाना है, जो पार्टी की विचारधारा के अनुरूप क्षेत्र में कार्य करते हुए पार्टी का विस्तार करें. प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि 'आप ही मोदी हैं, आप ही योगी हैं'. आपको राष्ट्र निर्माण व समाज कल्याण के लिए अनवरत कार्य करते रहना हैं. यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि आज देश राम राज्य की ओर बढ़ रहा है. आतंकवाद, भ्रष्टाचार और परिवारवाद हाशिये पर है. पूरे विश्व में मोदी व योगी सरकार के कार्यों की जय-जय कार हो रही है.

संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 23 अगस्त को 'बूथ विजय अभियान' का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नोएडा से करेंगे, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने शक्ति केंद्रों से वर्चुअल रूप से जुड़ना है. इसके उपरांत बूथ समितियों का सत्यापन, पन्ना प्रमुख अभियान, वोटर के बीच संपर्क कर सदस्यता अभियान, मतदाता सूची ठीक करना, लाभार्थियों से मिलना, 18 वर्ष पूर्ण हो चुके नए वोटरों को जोड़ने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि संगठनात्मक चर्चा के अतिरिक्त सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं व उपलब्धियों में सरकार द्वारा विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान, निशुल्क राशन वितरण, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था, विकलांग और विधवा पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, शादी अनुदान योजना आदि योजनाओं को बूथ स्तर पर आम जनमानस तक पहुंचाना है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, तुष्टीकरण एवं गुंडाराज हाशिये पर है. उत्तर प्रदेश में अब विकासवाद की लहर चल रही है. प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को मिशन-2022 की जीत के लिए बूथ समितियों को सक्रिय करने और जनता से संपर्क संवाद स्थापित करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर 2022 में यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी, क्योंकि योगी जैसा मुख्यमंत्री न यूपी ने पहले देखा है और न कोई दूसरा होगा. हमें भारत को एक बार फिर विश्व गुरु बनाने के लिए एक होकर चलना होगा.

इसे भी पढ़ें:- यूपी बोर्ड 2021: हाईस्कूल-इंटरमीडिएट में फेल हुए छात्र भी दे सकेंगे परीक्षा

लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने महानगर कि अधिकांश बूथ समितियों के गठन का कार्य पूर्ण कर लिया है. संगठन के निर्देशानुसार शीघ्र ही पन्ना प्रमुख बनाए जाने का कार्य भी निश्चित अवधि में पूर्ण किया जाएगा. लखनऊ महानगर मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ सत्यापन अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पश्चिम मंडल-3 के मंडल मंत्री अंकित मिश्रा के सुपुत्र के निधन की जानकारी होने पर उनके आवास भी गए और परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.