ETV Bharat / state

दीपों की रोशनी से नहाया रामलला का नवनिर्मित मंदिर, भक्तों और सुरक्षा कर्मियों ने जलाए दीये

author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : Nov 11, 2023, 10:58 PM IST

अयोध्या में शनिवार को दीपों की रोशनी से रामलला का मंदिर जगमग हो गया. भगवान राम के अस्थाई मंदिर में पांच दीपक और नवनिर्मित मंदिर परिसर के गर्भ गृह में 51 और पूरे राम जन्मभूमि परिसर में 51000 दीपक जलाए गए.

अयोध्या
अयोध्या

अयोध्या में दीपों की रोशनी से जगमग हुआ रामलला का मंदिर.

अयोध्या : श्री राम की कथा के अनुसार 14 वर्ष वनवास काल के बाद जब भगवान अर्धांगिनी सीता और भाई लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे तो अयोध्या वासियों ने इस खुशी में दीपक जलाए थे. दीपावली की इस परंपरा का आज भी निर्वहन हो रहा है. इस पर्व की अद्भुत छटा शनिवार को राम जन्मभूमि परिसर में देखने को मिली. जब भगवान राम के अस्थाई मंदिर में पांच, नवनिर्मित मंदिर परिसर के गर्भ गृह में 51 और पूरे राम जन्मभूमि परिसर में 51000 दीपक जलाए गए. छोटी दीपावली के मौके पर राम जन्मभूमि परिसर में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

राम जन्मभूमि के सभी प्रवेश द्वार पर की गई भव्य सजावट

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने बताया कि दीपावली के मौके पर राम जन्मभूमि के सभी प्रवेश द्वार को भव्य रूप से सजाया गया. भगवान राम लला के नवनिर्मित मंदिर के गर्भ ग्रह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन अर्चन किया गया. 51 दीपक गर्भगृह के अंदर जलाए गए हैं. इसके अलावा पूरे परिसर में 51000 दीपक जलाकर आलोकित किया गया है.दीपावली के पर्व पर भी इसी प्रकार से पूरे परिसर को दीपों से सजा दिया जाएगा.

राम जन्मभूमि परिसर में दिखा उल्लास

भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी में जहां पूरी अयोध्या प्रकाश से आलोकित है, वहीं राम जन्मभूमि परिसर में भी यह पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए दीपोत्सव कार्यक्रम में बनने वाला वर्ल्ड रिकॉर्ड अयोध्या की गरिमा और राम भक्तों के उत्साह का प्रतीक है. राम जन्मभूमि परिसर के अंदर मौजूद राम भक्तों और पुलिसकर्मियों ने अपने हाथों से रामलला के परिसर में दीपक जलाकर पूरे परिसर को आलोकित कर दिया.

यह भी पढ़ें : राम की नगरी 22 लाख दीयों से हुई रोशन, बना कीर्तिमान, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने सौंपा प्रमाण पत्र

यह भी पढ़ें : तस्वीरों में देखिए अयोध्या दीपोत्सव का मनमोहक नजारा, रोशनी में नहा उठी राम की नगरी

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.