ETV Bharat / state

पर्यावरण प्रेमी लिसीप्रिया कंगुजाम के ट्वीट से नगर निगम ने लिया सबक, आज से शुरू होगा प्लास्टिक के खिलाफ अभियान

author img

By

Published : Jun 29, 2022, 8:53 AM IST

आगरा में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान
आगरा में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान

मणिपुर की पर्यावरण प्रेमी लिसीप्रिया कंगुजाम के ट्वीट के बाद से नगर निगम की आंखें खुली हैं. नगर निगम आज से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान शुरू करेगा. इसकी शुरुआत ताजमहल के पीछे यमुना किनारे स्थित दशहरा घाट से होगी.

आगरा: मणिपुर की पर्यावरण प्रेमी लिसीप्रिया कंगुजाम के ट्वीट से आगरा में नगर निगम हरकत में आ गया है. नगर निगम बुधवार से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान शुरू करेगा. इसकी शुरुआत ताजमहल के पीछे यमुना किनारे स्थित दशहरा घाट से होगी. यहां की फोटो लिसीप्रिया कंगुजाम ने ट्वीट की थी. प्लास्टिक के खिलाफ अभियान का उद्घाटन महापौर नवीन जैन करेंगे. दशहरा घाट पर लोगों को 'नो प्लास्टिक' यानी प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की शपथ भी दिलाई जाएगी. नगर निगम की ओर से प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में सफाई अभियान के साथ ही नुक्कड़ नाटक, ईको मेला समेत अन्य कार्यक्रम भी होंगे. वैसे देखा जाए तो केंद्र सरकार एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने जा रही है. इस दिशा में आगरा नगर निगम का प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जाने वाला अभियान बेहद अहम रहेगा.

बता दें कि मणिपुर की पर्यावरण प्रेमी 10 वर्षीय लिसीप्रिया कंगुजाम ने ताजमहल के पीछे यमुना नदी में फैले प्लास्टिक कचरे के साथ अपनी फोटो ट्वीट की थी. अपने हाथ में ली तख्ती पर सैड इमोजी के साथ लिखा था कि 'बिहाइंड द ब्यूटी ऑफ ताजमहल'. इस ट्वीट के ट्रेंड होने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुली तो अधिकारी हरकत में आए. दशहरा घाट पर सफाई कार्य कर रही फर्म पर जुर्माना लगाने के साथ ही ताजमहल के पीछे दशहरा घाट पर यमुना की तलहटी में सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक, कचरा और अन्य कचरा साफ किया.

यह भी पढ़ें: मणिपुर की लिसीप्रिया को सपा नेता ने बताया विदेशी, जिसने दिखाई थी यमुना की गंदगी

नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे का कहना है कि प्लास्टिक और प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन के खिलाफ एक अभियान बुधवार से शहर में शुरू किया जा रहा है. अभियान के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे पॉलिथीन, प्लास्टिक न खरीदें और इसमें सामान लेने की आदत में बदलाव करें. कचरे में बड़ा हिस्सा प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक का होता है. प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में नगर निगम के साथ एनजीओ और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी अपनी अहम भूमिका निभाएंगे.

अभियान का कार्यक्रम

  • 29 जून दशहरा घाट पर मेयर प्लास्टिक कचरे के खिलाफ अभियान का उद्घाटन करके लोगों को शपथ ग्रहण कराएंगे.
  • 30 जून को नुक्कड़ नाटक, ईको मेला, शहर के चौराहों पर शपथ ग्रहण समारोह के साथ सफाई अभियान चलेगा.
  • 01 जुलाई को जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल प्रदर्शनी, प्लास्टिक बैंक और यमुना नदी के घाट पर सफाई अभियान चलेगा.
  • 02 जुलाई को नालों के लोहे के जाल से प्लास्टिक का कचरा हटाया जाएगा, शपथ दिलाई जाएगी और सफाई अभियान भी चलेगा.
  • 03 जुलाई को यमुना के घाट पर ईको मेला, सफाई अभियान के साथ शपथ ग्रहण समारोह भी होगा.

ऐसी ही जरूरी और विश्वसनीय खबरों के लिए डाउनलोड करें ईटीवी भारत ऐप

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.