ETV Bharat / bharat

अयोध्या के राम मंदिर में बनेगा देश के सभी मंदिरों का संग्रहालय, पर्यटन विभाग बना रहा कार्य योजना

author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : Sep 1, 2023, 5:26 PM IST

अयोध्या के राम मंदिर का निर्माण जनवरी 2024 में हो जाएगा. मध्य जनवरी में इसके उद्घाटन की भी तैयारी चल रही हैं. इस बीच मंदिर में एक संग्रहालय बनने की बात सामने आई है. मंदिरों के संग्रहालय में क्या-क्या होगा आईए जानते हैं.

Etv Bharat
Etv Bharat

लखनऊ: अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होने के साथ ही यहां पर एक ऐसा संग्रहालय भी बनेगा, जहां पर काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल, केदारनाथ और देश के बड़े मंदिरों के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी. इन मंदिरों की धार्मिक आस्था से जुड़ी पुरानी घटनाओं के बारे में पूरा विस्तार से जानकारी संग्रहालय में रखी जाएगी. राम मंदिर न केवल आस्था और विरासत का एक अनूठा संगम होगा, बल्कि यह सनातन धर्म के इतिहास को दोबारा से स्थापित करने का भी एक बड़ा स्थल बनकर उभरेगा. मुख्यमंत्री योगी की आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग इसको लेकर एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करने में लग गया है.

Ayodhya Ram Temple
अयोध्या के राम मंदिर के संग्रहालय में प्रसिद्ध मंदिरों के मॉडल बताएंगे उसकी कहानी

कितने क्षेत्रफल में बनेगा मंदिर संग्रहालयः पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि सनातन धर्म दुनिया का सबसे प्राचीन धर्म है. इस धारणा के विपरीत सनातन धर्म किसी एक विशेष संप्रदाय तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसे संप्रदायों के समुच्चय के रूप में माना जाता है. अयोध्या में 5 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित मंदिर संग्रहालय को लेकर एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है.

Ayodhya Ram Temple
अयोध्या के राम मंदिर के संग्रहालय में देश के प्रसिद्ध मंदिरों के मॉडल भी रखे जाएंगे

पर्यटन विभाग का क्या है उद्देश्यः मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि हमारे धर्म में किसी मंदिर को किसी खास स्थान पर क्यों निर्मित किया गया, उसके निर्माण के पीछे के दर्शन के बारे में अवगत कराने के उद्देश्य से ही अयोध्या में मंदिर संग्रहालय का निर्माण प्रस्तावित है. इसमें प्राचीन भारत की तकनीकी, भारतीय मंदिरों को उसकी पूजा-पद्धति से जोड़ते हुए उसके महत्व को सामने लाना है. शैक्षणिक संस्थान जिसमें मठ और पीठम क्या है, उसे भी इसमें शामिल किया है. इसके अलावा विभिन्न शैलियों में निर्मित मंदिरों के उत्कृष्ट उदाहरण को प्रदर्शित किया जाएगा. भारतीय मंदिरों की स्थापत्य विरासत के बारे में यहां पर पूरी जानकारी होगी.

संग्रहालय में 12 दीर्घाओं पर प्रदर्शित होगा मंदिरों का पूरा विवरणः मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रस्तावित संग्रहालय को 12 दीर्घाओं में विभाजित किया जाएगा. यह दीर्घा अपनी सहज कलात्मकता से आने वाले पर्यटकों को मंत्र मुग्ध कर देंगे. इसके अलावा यह दीर्घाओं में मंदिरों के वैज्ञानिक और दार्शनिक पहलुओं के साथ ही हिंदू धर्म की पूजा पद्धति को भी बताएंगे.

Ayodhya Ram Temple
संग्रहालय में प्रसिद्ध मंदिरों के मॉडल से लोग जानेंगे उसकी धार्मिक यात्रा

क्या हैं 12 दीर्घाः इन 12 दीर्घाओं में सनातन धर्म में भगवान की अवधारणा, पूजा पद्धति के पीछे छिपा दर्शन, पूजा अर्चना के लिए मंदिरों की जरूरत, मंदिरों की वस्तुकला और शिल्प कला, मंदिरों के कर्मकांड के पीछे का दर्शन, पूजा अर्चना से आगे भी मंदिरों की सामाजिक उपयोगिता, भारतीय मंदिरों के मूल तत्व, मंदिर निर्माण तकनीक और उच्च कोटि का वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ भारतीय मंदिर भारत के भूभाग के विशिष्ट स्थान पर क्यों बनाए गए हैं ,उनकी जानकारी इन दीघार्यों पर दी जाएगी. इसके अलावा इस संग्रहालय में सुंदर बाग और तालाब के अलावा कैफेटेरिया और बेसमेंट पार्किंग की भी सुविधा उपलब्ध होगी.

ये भी पढ़ेंः राम मंदिर आंदोलन में जान गंवाने वाले कोठारी बंधुओं की बहन बोलीं, भाइयों ने राम मंदिर के रूप में दिया सबसे बड़ा उपहार

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.