ETV Bharat / state

Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा ने प्रियंका गांधी से पूछे 12 सवाल, कहा- गिद्ध की राजनीति छोड़कर दें सवालों का जवाब

author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : Oct 25, 2023, 4:34 PM IST

BJP asked 12 questions to Priyanka Gandhi, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के राजस्थान दौरे पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उनसे 12 सवाल पूछे. साथ ही सवालों के जवाब मांगते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गंधी को इन सवालों का जवाब देकर उनकी कथनी और करनी को स्पष्ट करना चाहिए.

Rajasthan Assembly Election 2023
Rajasthan Assembly Election 2023

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़

जयपुर. चुनावी साल में कांग्रेस में जान फूंकने के लिए पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को झुंझुनू में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंची. एक माह ये प्रियंका की दूसरी जनसभा है. वहीं, प्रियंका की इस चुनावी सभा पर भाजपा ने निशाना साधा और उनसे 12 सवाल पूछे. राजधानी जयपुर में मीडियाकर्मियों से रूबरू हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रियंका गिद्ध की सियासत करती आ रही हैं. वो कई बार पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए राजस्थान आ चुकी हैं, लेकिन यहां की सियासी बदहाली और आपराधिक घटनाओं पर कभी भी कोई टिप्पणी नहीं की. वर्तमान में राज्य में कांग्रेस की सरकार है और बीते 5 साल में उनकी पार्टी और सरकार के कई कारनामे सामने आए हैं. इसी को लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उनसे 12 सवाल किए और कहा कि प्रियंका को अपनी सभा के मंच से इन सभी सवालों के जवाब देने चाहिए, ताकि उनकी कथनी और करनी स्पष्ट हो सके.

प्रियंका से भाजपा के 12 सवाल : राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि आज प्रियंका गांधी राजस्थान में हैं. ऐसे में उन्हें हमारे 12 सवालों के जनता के बीच जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रियंका उस परिवार से आती हैं, जो परिवार कांग्रेस पार्टी चला रही है. प्रियंका नारा देती रही हैं," मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं" लेकिन उनका यह नारा खोखला साबित हो रहा है. प्रियंका महिलाओं को लेकर गिद्ध की राजनीति कर रही हैं. राठौड़ ने कहा कि जब भाजपा शासित राज्यों में किसी महिला से जुड़ा मामला सामने आता है तो वो गिद्ध की तरह उसे लपकने के लिए मीडिया के बीच आ जाती हैं, लेकिन राजस्थान में जब 35000 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुई तो वो खामोश क्यों रहीं? क्या राजस्थान की महिला कांग्रेस पार्टी के लिए सम्मान के पात्र नहीं हैं? राठौड़ ने कहा कि प्रियंका गांधी जब बड़ी-बड़ी बातें करती हैं तो उन्हें निश्चित रूप से मेरे सवालों के भी जवाब देने चाहिए, क्योंकि राज्य की जनता उनके पक्ष को जानना चाहती है. उन्होंने कहा कि 35 हजार पीड़िताओं में से क्यों किसी एक से भी वो मिलने नहीं गईं?

इसे भी पढ़ें - Rajasthan: प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना, कहा- ये गरीबों की नहीं उद्योगपतियों की सरकार है

भाई के वादों पर भी देना चाहिए बयान : राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि एक बड़ा परिवार जिसने कई दशकों तक देश को चलाया है, उस परिवार की सदस्य ने राजस्थान में किसी एक परिवार के साथ दुख साझा किया हो तो बताएं. उनके भाई राहुल गांधी ने 10 दिन में किसानों को न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन आज 1700 दिन हो गए. उन वादों को लेकर भी प्रियंका को जनता के बीच कुछ कहना चाहिए. राठौड़ ने कहा कि उनके झूठे वादे की वजह से राज्य के 350 किसानों ने खुदकुशी कर ली, लेकिन उनके कर्ज माफी का वादा अब तक पूरा नहीं हो सका है. आगे उन्होंने तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस केवल व केवल वोट बैंक की सियासत करती है.

भाजपा ने पूछे ये 12 सवाल

  1. महिलाओं पर अपराध की घटनाओं पर अपनी सियासी संवेदनशीलता का लबादा ओढ़कर देश के विभिन्न हिस्सों में जाने वाली प्रियंका गांधी राजस्थान में 35 हजार महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं होने पर उनसे क्यों नहीं मिली?
  2. प्रियंका गांधी से प्रदेश की महिलाएं पूछना चाहती हैं कि क्या राजस्थान की महिलाएं कांग्रेस की नजर में सम्मान की पात्र नहीं है?
  3. प्रियंका गांधी बताएं कि जब राजस्थान में महिलाओं के साथ 2 लाख आपराधिक घटनाएं हुईं तो वो क्यों नहीं यहां आई, क्या उसके लिए राजनीतिक पर्यटन डिजाइन नहीं हुआ था?
  4. राजस्थान जैसे शांत प्रदेश में 7700 निर्दोष लोगों की हत्याएं हुई, आपने क्या उनका दुख दर्द कभी समझा, क्या कभी वहां गई?
  5. प्रियंका गांधी वाड्रा से राजस्थान के किसान 10 दिन में सभी कर्जे माफ करने के कांग्रेस के वादे के 1700 दिन बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं करने पर जवाब चाहते हैं?
  6. प्रियंका गांधी जवाब दें कि कन्हैया लाल, हरीश जाटव, योगेश जाटव, योगेंद्र जाटव, कृष्णा बाल्मिकी, रतनलाल सोनी, आदर्श तापड़िया, चिरंजीलाल सैनी की जिस तरह से जिहादी मानसिकता के लोगों ने हत्या की, उस पर क्यों नहीं उन्होंने अपने श्रीमुख से कुछ कहा?
  7. क्या प्रियंका को राजस्थान के 19422 किसानों की नीलाम हुई जमीनों की खबर नहीं दिखी? जबकि आपकी पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष और आपके भाई राहुल गांधी ने ही 10 दिन में किसान से कर्ज माफी का वादा किया था.
  8. राजस्थान के 70 लाख युवा पूछना चाहते हैं कि जब भर्ती परीक्षाओं के 19 पेपर लीक हुए तब आपने क्या कदम उठाया?
  9. राजस्थान के 70 लाख युवा पूछना चाहते हैं कि आरपीएससी जैसी प्रमाणिक संस्था में बाबूलाल कटारा को कांग्रेस सरकार ने नियुक्त क्यों किया था और जो अन्य पेपर लीक के आरोपी पकड़े जा रहे हैं, उनके कांग्रेस से नजदीकी रिश्ते रहे हैं तो क्या कांग्रेस अपने लोगों के इस अपराध की जिम्मेदारी लेंगी?
  10. प्रदेश के युवा यह भी पूछना चाहते हैं कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के रिश्तेदार परीक्षा टॉप करने वाले प्रतिभागी से ज्यादा नंबर अपने इंटरव्यू में कैसे ले लेते हैं? क्या इसकी कांग्रेस कोई ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट चलाती है?
  11. राजस्थान के युवा जानना चाहते हैं कि वो बताएं कि पिछले 5 साल में कितने बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया गया, जिसका वादा घोषणापत्र में किया गया था?
  12. राजस्थान की जनता जानना चाहती है कि जब उनकी पार्टी के ही वरिष्ठ विधायक व मंत्री अपने ही सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थे और मुख्यमंत्री जिस विभाग को स्वयं संभालते हैं उस विभाग के शासन सचिवालय के दफ्तर की एक अलमारी से करोड़ों रुपए नकद और सोना मिलता है, तब उन्होंने राजस्थान की जनता को कांग्रेस की इस लूट से बचाने के लिए क्या किया ?
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.