ETV Bharat / city

कांग्रेस ने देश को महिला राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री दिए, लेकिन BJP पार्टी अध्यक्ष तक नहीं बना पाई : CM गहलोत

author img

By

Published : Oct 19, 2021, 4:37 PM IST

Updated : Oct 19, 2021, 8:59 PM IST

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी. प्रियंका गांधी के निर्णय का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी स्वागत करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. गहलोत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिए, लेकिन भाजपा आजतक किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है.

Jyoti Khandelwal jaipur
'आधी आबादी' को लेकर प्रियंका गांधी का निर्णय स्वागत योग्य

जयपुर. सीएम गहलोत ने ट्वीट (Tweet) करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी की ओर से उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की घोषणा स्वागत योग्य है. महिला सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रहा है. कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी संसद में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण के लिए प्रयासरत रही हैं. भाजपा की महिला विरोधी सोच के कारण आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं, लेकिन कांग्रेस महिलाओं का सशक्तिकरण कर भाजपा के इस कुशासन को समाप्त करेगी.

दरअसल, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी. पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा एलान किया. प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा. प्रियंका ने नया नारा दिया, 'लड़की हूं लड़ सकती हूं'. कांग्रेस 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने के लिहाज से UP की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर महिला उम्मीदवार उतारेगी. प्रियंका गांधी के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर, #'लड़की हूं लड़ सकती हूं' के नाम से कांग्रेस नेता नारा दे रहे हैं. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिये, 'लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया.

cm ashok gehlot
सीएम गहलोत का ट्वीट...

पढ़ें : भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने उड़ाया विमान, 'पायलट' को दिल्ली से लाये जोधपुर

पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल ने भी इस निर्णय का किया स्वागत...

जयपुर की पूर्व महापौर और जयपुर की लोकसभा प्रत्याशी रही ज्योति खंडेलवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस के इस निर्णय से अन्य पार्टियों को भी आधी आबादी को पूरा हक देने के लिए सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा. ज्योति खंडेलवाल ने कहा कि प्रियंका गांधी के इस निर्णय से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और बड़ी संख्या में महिलाएं उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतकर विधायक भी बनेंगी.

ज्योति खंडेलवाल ने क्या कहा...

खंडेलवाल ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे फैसले सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है, क्योंकि महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का बिल भी कांग्रेस पार्टी नहीं रखा था. हालांकि, उस समय विपक्षी दलों के सहयोग नहीं करने से वह कानून नहीं बन सका, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निर्णय लिए हैं.

पढ़ें : UP Election 2022: यूपी में 40% महिलाओं को टिकट देगी कांग्रेस: प्रियंका गांधी

उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि टिकट वितरण की बात आती है तो कानून नहीं होने के चलते महिलाओं को पूरी भागीदारी नहीं मिल पाती है. इसीलिए बार-बार कांग्रेस की ओर से कानून की पैरवी की जाती है. आज प्रियंका गांधी ने यह शुरुआत की है और इसका लाभ महिलाओं को जरूर होगा और बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीति में आगे आएंगी. उन्होंने कहा कि अगर आधी आबादी को टिकट मिलता है तो आधी आबादी जो वोटर भी है वो सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाती है. अब कांग्रेस ने यह निर्णय लिया है तो अन्य पार्टियों को भी इस निर्णय को लेकर सोचना होगा.

Last Updated : Oct 19, 2021, 8:59 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.