ETV Bharat / city

बारिश ने डाला खलल तो भजन मंडली का लिया सहारा, विरोध जताने के लिए भैंस के आगे बजाई बीन

author img

By

Published : Aug 2, 2021, 3:31 PM IST

प्रदेश की गहलोत सरकार (Gehlot Government) की विफलता और वादाखिलाफी के खिलाफ भाजपा ओबीसी मोर्चा (BJP OBC Morcha) का विरोध-प्रदर्शन पहले तो बरसात के चलते करीब 3 घंटे लेट हुआ और फिर कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पार्टी को भजन मंडली का सहारा लेना पड़ा. हालांकि, 3 घंटे बाद ही सही, लेकिन जब विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ तो भीड़ भी जुटी और सिविल लाइंस फाटक तक पैदल मार्च निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया.

rajasthan politics
भाजपा का विरोध-प्रदर्शन, भजन मंडली का लिया सहारा...

जयपुर. प्रदेश की गहलोत सरकार को घेरने निकली भाजपा को खुद काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. भाजपा ओबीसी मोर्चा (BJP OBC Morcha) के विरोध-प्रदर्शन को पहले बारिश ने रोका, फिर कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भजन मंडली का सहारा लेना पड़ा.

दरअसल, भाजपा के सभी अग्रिम मोर्चे प्रदेश सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में सोमवार को सुबह 10 बजे ओबीसी मोर्चा ने भी विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा, लेकिन बरसात के चलते मोर्चे से जुड़े कार्यकर्ता एकत्रित ही नहीं हो पाए. बमुश्किल जब कुछ लोग इकट्ठे हुए तो उन्होंने पार्टी मुख्यालय के अंदर हॉल में अपना जाजम बिठाया.

भाजपा का विरोध-प्रदर्शन, भजन मंडली का लिया सहारा...

इस दौरान प्लान यह भी बनाया गया कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया (Satish Poonia) का मोर्चा द्वारा स्वागत किया जाएगा, लेकिन वो भी नहीं हो पाया. ऐसे में कुछ ही देर बाद भाजपा मुख्यालय में लोक कलाकारों की मंडली बुला ली गई और हॉल में उन्होंने अपनी प्रस्तुति देना भी शुरू कर दी. करीब 1 घंटे तक नाच-गान भी हुआ, तो तेजाजी महाराज के भजन भी गाए गए, ताकि ओबीसी मोर्चा से जुड़े जो कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय तक पहुंच गए थे उन्हें रोका जा सके.

पढ़ें : राजस्थान में जानलेवा बारिश : कई जिलों में हादसे, अब तक 4 की मौत...नदी-नाले उफान पर, बांध हुए ओवरफ्लो

दोपहर 12 बजे के करीब जब बरसात रुकी तो मोर्चे के अन्य कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय की तरफ रुख किया और करीब 1 बजे मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय से सिविल लाइंस फाटक तक पैदल मार्च शुरू किया गया.

जयपुर शहर देहात दक्षिण और उत्तर का था कार्यक्रम : विरोध-प्रदर्शन का यह कार्यक्रम जयपुर शहर देहात दक्षिण और देहात उत्तर जिला इकाई ओबीसी मोर्चा की ओर से किया गया. इसमें संगठन के शहर अध्यक्ष राघव शर्मा और रामानंद गुर्जर भी मौजूद रहे तो वहीं पिछले दिनों नवनियुक्त मोर्चा जिला अध्यक्ष भी अपनी ताकत दिखाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ यहां पहुंचे. विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधी और काले गुब्बारे आसमान में उड़ा कर अपना विरोध जताया.

मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भड़ाना ने प्रदेश सरकार पर ये आरोप : बीजेपी ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाना ने इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया. भड़ाना ने बताया कि गहलोत सरकार ने किसानों, नौजवानों से जो वादा किया था वो अब तक अधूरा है. वहीं, प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था में आमजन का जीना दुश्वार कर रखा है, लेकिन झूठे वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार को अब जनता की सुध नहीं है. भड़ाना ने कहा- प्रदेश सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार सड़कों पर आंदोलनरत है.

विरोध जताने के लिए भैंस के आगे बजाई बीन : विरोध-प्रदर्शन के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने भैंस के आगे बीन बजाकर भी प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध जाहिर किया. विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक लोडिंग रिक्शा भी प्रदर्शनकारियों के साथ चल रही थी, जिसमें अंदर भैंस थी. इस पर गहलोत सरकार का एक होर्डिंग लगा हुआ था. प्रदर्शनकारी जब सिविल लाइंस फाटक में पहुंचे तब मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाना ने लोडिंग रिक्शा में मौजूद भैंस के आगे बीन बजाई.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.