पलामू में लगेगी भगवान बिरसा मुंडा की नई प्रतिमा, राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में डीसी ने की घोषणा
पलामू: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पलामू में नई प्रतिमा लगाई जाएगी. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के स्टेशन रोड पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा है. यह प्रतिमा एक दशक से भी पुरानी है. बुधवार को पलामू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने माल्यार्पण किया. पलामू डीसी शशिरंजन, डीडीसी रवि आनंद और नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस मौके पर पलामू डीसी शशिरंजन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी. साथ ही प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. डीसी ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा से जुड़ी हुई कई कहानी हैं. उनके प्रेणादायी जीवनी से सीख लेने की जरूरत है. बिरसा मुंडा की जीवनी और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है और मीडिया या सोशल मीडिया इसके लिए एक बड़ा माध्यम है. इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा पलामू में भाजपा, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत के राजनीतिक दलों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया.