ETV Bharat / state

Jharkhand Weather Update: झारखंड में फिर बढ़ेगा तापमान, पारा 40 डिग्री सेल्सियस से होगा पार

author img

By

Published : May 8, 2023, 11:02 PM IST

झारखंड में एक बार फिर गर्मी बढ़ने वाली है. मौसम विभाग ने तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई है. तापमान में 03 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभीवना है.

temperature in jharkhand
temperature in jharkhand

अभिषेक आनंद, मौसम वैज्ञानिक

रांची: झारखंड में एक बार फिर तपिश भरी गर्मी का एहसास लोगों को होने वाला है. मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है. ऐसे में तापमान में 03 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. 09 मई को राज्य के 24 में से 16 जिले ऐसे होंगे, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहेगा. रांची सहित अन्य 08 जिलों में भी अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: Jharkhand News: जॉब पाने में पिछड़ रहे झारखंड के युवा डॉक्टर्स, जानिए क्या है वजह

मौसम केंद्र रांची के कार्यकारी निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दवाब का क्षेत्र 09 मई को डिप्रेशन में और 10 मई को चक्रवात में तब्दील हो जाएगा. इसकी प्रारंभिक दिशा उत्तर-उत्तर पश्चिम की तरफ है, जो बाद में बांग्लादेश और म्यांमार की ओर बढ़ जाएगा. झारखंड से काफी दूरी होने की वजह से इस चक्रवात "मोचा" का राज्य पर कोई खास असर नहीं पड़ने का अनुमान है. चक्रवात की वजह से अधिक से अधिक राज्य के कुछेक इलाकों में 12 और 13 मई को आंशिक बादल छा सकते हैं, इसलिए चक्रवात को लेकर राज्य में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

इन 4 जिलों में रहेगा अधिकतम तापमान: मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा मौसम अपडेट के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा और गोड्डा में अधिकतम तापमान 42℃ के करीब रहेगा. वहीं कोडरमा, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, धनबाद, देवघर, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका में भी अधिकतम तापमान 41℃ या उससे ऊपर रहेगा. इसके अलावा लातेहार, हजारीबाग और गिरिडीह में 40 डिग्री सेल्सियस के करीब तापमान रहने की उम्मीद है. लोहरदगा, गुमला, रामगढ़ और पश्चिमी सिंहभूम ऐसे चार जिले हैं, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस या उससे उपर रहने का पूर्वानुमान है.

वहीं मौसम केंद्र के अनुसार रांची, खूंटी, सिमडेगा और बोकारो ऐसे चार जिले हैं, जहां 09 मई को अन्य जिलों की अपेक्षा कम तापमान रहेगा. इन जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटें में गोड्डा रहा सबसे गर्म: मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा है. इस दौरान अधिकतम तापमान गोड्डा का 41.7 ℃ रिकॉर्ड हुआ जबकि सबसे कम 22.4℃ तापमान रामगढ़ में रिकॉर्ड किया गया है. पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 36.6℃, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 39.8℃, डालटनगंज का अधिकतम तापमान 40.2℃, बोकारो का अधिकतम तापमान 37.1℃, देवघर का अधिकतम तापमान 40℃ रिकॉर्ड किया गया.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.