ETV Bharat / state

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का 30 जनवरी को श्रीनगर में समापन, झारखंड के कई सत्ता पक्ष के नेता कार्यक्रम में होंगे शामिल

author img

By

Published : Jan 28, 2023, 9:44 PM IST

Congress state president Rajesh Thakur Giving Information
Congress state president Rajesh Thakur Giving Information

कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा का समापन कार्यक्रम कश्मीर के श्रीनगर में होगा. झारखंड कांग्रेस और सत्ता पक्ष के कई नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने यह जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि देशभर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अपार जनसमर्थन मिला है.

रांची: सात सितंबर 2022 में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरु हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समापन 30 जनवरी 2023 को कश्मीर के श्रीनगर में होगा. करीब 3970 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समान विचारधारा वाले सभी दलों के प्रमुख नेताओं को न्योता दिया गया है. झारखंड से कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि के रूप में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर भी श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन में शामिल होंगे.

ये भी पढे़ं-राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर झारखंड में आमने सामने बीजेपी-कांग्रेस, आरोप प्रत्यारोप का दौर है जारी

झारखंड से ये नेता रविवार की सुबह सेवा विमान से वाया दिल्ली जाएंगे श्रीनगर: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में शामिल होनेवाले नेताओं की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और भारत जोड़ो यात्रा के झारखंड संयोजक सुबोधकांत सहाय रविवार की सुबह सेवा विमान से दिल्ली होते हुए श्रीनगर के लिए रवाना होंगे. कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह पहले से ही श्रीनगर में मौजूद हैं. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की 30 जनवरी को खतियानी जोहार यात्रा प्रस्तावित है, इसलिए उनके प्रतिनिधि के रूप में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.

राहुल गांधी के संदेश का व्यापक असर: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि पहले यह यात्रा कन्याकुमारी से जम्मू तक की प्रस्तावित थी और यह दूरी 3570 किलोमीटर की थी, लेकिन जिस तरह से देशभर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अपार जनसमर्थन मिला, उसके बाद यह फैसला लिया गया कि भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर जाकर समाप्त होगी. इसलिए अब यह यात्रा 3570 किलोमीटर से बढ़कर 3970 किलोमीटर की हो गई है. उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि जिस संदेश को लेकर उनके नेता राहुल गांधी सितंबर में भारत जोड़ो यात्रा पर निकले थे, उनका संदेश आज सफल होता दिख रहा है. उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री भी नफरत की जगह मोहब्बत की बात कर रहे हैं. आठ वर्षो में 16 करोड़ नौकरी की जगह 71 हजार ही सही नौकरी का कागज बांट रहे हैं. यह सब हमारे नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ही असर है.

भारत जोड़ो के बाद शुरू होगा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान: राजेश ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी और वर्तमान केंद्र की सरकार के खिलाफ लोगों के आक्रोश को इकट्ठा कर सत्ता परिवर्तन के निर्णायक लड़ाई लड़ेगी, ताकि लोगों को महंगाई, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सके.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.