ETV Bharat / state

Weather Update Jharkhand: झारखंड के इन जिलों में कुछ घंटे के अंदर वज्रपात की चेतावनी, मौसम केंद्र ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

author img

By

Published : Jun 21, 2023, 9:48 PM IST

झारखंड के कई हिस्सों में मानसून के प्रवेश के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. इसके बीच मौसम केंद्र रांची ने अगले कुछ घंटे के अंदर झारखंड के कई जिलों के लिए वज्रपात की चेतावनी जारी की है. खबर में जानिए किन जिलों के लिए मौसम केंद्र ने जारी की है चेतावनी.

http://10.10.50.75//jharkhand/21-June-2023/jh-ran-05-mausamalert-7210345_21062023184921_2106f_1687353561_606.jpg
Alert Regarding Thunderclap And Strong Wind

रांची: झारखंड में मानसून के प्रवेश के साथ ही राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्से में बारिश हो रही है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं रांची सहित 14 जिलों में अगले कुछ घंटे के अंदर तेज गर्जन के साथ-साथ वज्रपात और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट मौसम केंद्र रांची ने जारी किया है.

ये भी पढ़ें-Thunderclap In Jharkhand: झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, अलग-अलग स्थानों में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत, 14 लोग झुलसे

इन जिलों के लिए है वज्रपात का ऑरेंज अलर्टः मौसम केंद्र रांची ने जिन जिलों के लिए वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उनमें हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम जिला शामिल हैं. मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी में मध्यम दर्जे के मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

वज्रपात अलर्ट वाले जिलों के लोग रहें सावधानः मौसम केंद्र रांची ने जिन 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उन जिलों के लोगों से वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ या बिजली के पोल के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है. साथ ही मौसम साफ होने तक किसानों को खेत में नहीं जाने की सलाह भी दी है.

पिछले 24 घंटे में रांची के टाटीसिल्वे में हुई सबसे अधिक बारिशः मौसम केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में सबसे अधिक वर्षा रांची के टाटीसिल्वे में 44.3 एमएम हुई. वहीं इस दौरान डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा. जहां उच्चतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. रांची में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

कल राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावनाः मौसम केंद्र रांची ने 22 जून को राज्य भर में गर्जन और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.