ETV Bharat / state

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का झारखंड में असर नहीं, 20 जून तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं, हीट वेब का अलर्ट जारी

author img

By

Published : Jun 16, 2023, 8:15 PM IST

झारखंड के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार झारखंड में बिपरजॉय का कोई असर नहीं दिखा. वहीं राज्य में आने वाले चार दिनों में हीट वेब चलेगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया है.

http://10.10.50.75//jharkhand/16-June-2023/jh-ran-03-mausamupdate-7210345_16062023174806_1606f_1686917886_4.jpg
Cyclone Biparjoy Effect In Jharkhand

रांची: चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय का झारखंड के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है. मौसम केंद्र रांची के प्रभारी निदेशक सह मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अरब सागर में उठे तूफान बिपरजॉय का कोई खास प्रभाव यहां नहीं पड़ा है. क्योंकि गुजरात से झारखंड की दूरी अधिक है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार मानसून का झारखंड में प्रवेश में देरी की वजह से 19-20 जून तक राज्य के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

ये भी पढ़ें-Jharkhand School Timing: झारखंड में भीषण गर्मी के कारण फिर आगे बढ़ी गर्मी की छुट्टियां, अब 17 जून तक बंद रहेंगे स्कूल

16 से 18 जून तक राज्य में हीट वेब चलने का येलो, ऑरेंज और रेड अलर्टः मौसम केंद्र रांची ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. 16, 17 और 18 जून को कोल्हान के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में हीट वेब का रेड अलर्ट जारी किया गया है. सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों के लिए हीट वेब का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं मौसम केंद्र रांची के अनुसार 19 और 20 जून को राज्य के कोल्हान प्रमंडल के चार जिलों में लू (हीट वेब) चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

19-20 जून को संथाल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करेगा मानसूनः मौसम केंद्र रांची के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार 19-20 जून तक संथाल परगना के रास्ते झारखंड में मानसून प्रवेश करेगा. मौसम केंद्र के अनुसार रांची में 20-21 जून तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद है. मौसम केंद्र के अनुसार सामान्यतः झारखंड में 12 जून तक और रांची में 15 जून तक मानसून पहुंचता है. इस बार थोड़ा लेट है, लेकिन वह इतना ज्यादा नहीं है कि इसका विपरीत असर पड़े.

पिछले 24 घंटे में गोड्डा रहा सबसे गर्म, कहीं-कहीं हुई छिटपुट बारिशः पिछले 24 घंटे में राज्य में कई जगहों में हीट वेब का प्रकोप रहा. वहीं पूर्वी सिंहभूम के पोटका में 6.8 एमएम बारिश हुई है. सबसे अधिक 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान गोड्डा जिले का रिकॉर्ड किया गया है. इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, डालटनगंज का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और गढ़वा का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा है.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.