ETV Bharat / state

झारखंड की राजनीति के केंद्र में क्यों आ गया उत्तरी छोटानागपुर? कांग्रेस ने भाजपा पर किस मुद्दे पर साधा निशाना

author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Oct 19, 2023, 4:47 PM IST

Women Asian Champions Trophy 2023
Women Asian Champions Trophy 2023

झारखंड बीजेपी की नई टीम पर कांग्रेस ने निशाना साधा है. उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि पार्टी सिर्फ उत्तरी छोटानागपुर तक सिमट गई है. Congress has targeted new team of Jharkhand BJP

झारखंड की राजनीति के केंद्र में क्यों आ गया उत्तरी छोटानागपुर?

रांची: अमर बाउरी को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और जय प्रकाश भाई पटेल को सचेतक बनाये जाने के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है. कांग्रेस ने कहा कि अजीब विडंबना है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी झारखंड में सिर्फ उत्तरी छोटानागपुर तक सिमट गई लगती है. कांग्रेस के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अपनी चिंता करे. भाजपा में सिद्धांत की राजनीति होती है. धर्म, पंथ जाति और क्षेत्र सभी का ख्याल रखा जाता है.

ये भी पढ़ें: झारखंड की राजनीति से रघुवर दास आउट! अमर कुमार बाउरी का बढ़ा कद, भाजपा के दो बड़े फैसलों के क्या हैं मायने

बीजेपी ने गिरिडीह के राजधनवार के तिसरी के रहने वाले बाबूलाल मरांडी को प्रदेश अध्यक्ष, बोकारो के बिरंची नारायण को मुख्य सचेतक, चन्दनकयारी के अमर बाउरी को विधायक दल का नेता और मांडू के विधायक जय प्रकाश भाई पटेल को सचेतक बनाया है. इसपर तंज कसते हुए झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सतीश पॉल मुंजनी ने कहा ये सभी के सभी नेता उत्तरी छोटानागपुर के हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि झारखंड में उत्तरी छोटानागपुर के अलावा भी बड़ा भूभाग है. दक्षिणी छोटानागपुर, पलामू, संथाल और कोल्हान के भाजपा के नेताओं को राज्य की राजनीति में हाशिये पर क्यों रखा गया है. इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए.

भाजपा में सभी को एक भाव से देखा जाता है- अविनेश कुमार सिंह: राज्य की राजनीति में भाजपा द्वारा सिर्फ उत्तरी छोटानागपुर के नेताओं को महत्वपूर्ण पद देने को लेकर कांग्रेस के सवाल के जवाब में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सभी को एक भाव से देखा जाता है. जिन नेताओं को अध्यक्ष, मुख्य सचेतक, सचेतक या विधायक दल का नेता बनाया गया है, उनकी वजह अपने क्षेत्र में उनका अनुभव है. भाजपा नेता ने कहा कि इसके साथ-साथ हमें यह भी ख्याल रखना है कि चुनावी मैदान में विपक्ष को कैसे परास्त किया जाए.

SC,ST और OBC वोट पर भाजपा की नजर: दरअसल, बिहार में जातीय गणना के आंकड़े सामने आने के बाद SC, ST और ओबीसी की संख्या 80% से अधिक का है. ऐसे में भले ही जातीय गणना बिहार में महागठबंधन की सरकार ने कराया हो पर उस फॉर्मूले से आए नतीजे का चुनावी लाभ लेने की पूरी तैयारी झारखंड भाजपा ने कर ली है. इस बीच कांग्रेस ने भाजपा में एक क्षेत्र विशेष उत्तरी छोटानागपुर के नेताओं को तरजीह देने का सवाल उठाकर एक नए राजनीतिक मुद्दा पर बहस तेज कर दी है.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.