ETV Bharat / state

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन के विवादित बयान पर बोले अर्जुन मुंडा, सोनिया गांधी देश से मांगे माफी

author img

By

Published : Jul 28, 2022, 4:08 PM IST

Updated : Jul 28, 2022, 4:32 PM IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के विवादित बयान पर भाजपा नाराज है. दरअसल, सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आपत्तिजनक शब्द से संबोधित किया, जिसके बाद वे विवादों में आ गए हैं. अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए सोनिया गांधी देश से माफी मांगे.

Objectionable statement on President Draupadi Murmu
Objectionable statement on President Draupadi Murmu

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर आपत्तिजनक बयान देने के बाद विवादों में फंसे कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को राजभवन के समक्ष धरना दिया. धरना पर बैठे भाजपा नेताओं ने इस दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा एक आदिवासी महिला के राष्ट्रपति बनने के बाद से लगातार दिये जा रहे आपत्तिजनक बयान पर नाराजगी जताई. वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की.

इसे भी पढ़ें: द्रौपदी मुर्मू पर दिए गए बयान पर संसद में माफी मांगे कांग्रेस: स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जताई नाराजगी: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के खिलाफ कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को देश से माफी मांगने को कहा है. उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि जिस तरह से अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया में बयान देकर देश के राष्ट्रपति पर टिप्पणी की है, वह बेहद निंदनीय है.

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

संसद सदस्य से हटाने की मांग: धरना पर बैठे महानगर भाजपा अध्यक्ष केके गुप्ता ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी को संसद सदस्य से तत्काल हटाया जाना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से लगातार आ रहे अनर्गल बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संयम धरे हुए हैं, वरना भाजपा को राष्ट्रपति का अपमान करने वालों की जुबान भी खींचनी आती है. भारतीय जनता पार्टी के नेता कार्यकर्ता इस मामले में अधीर रंजन चौधरी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. भाजपा का कहना है कि उन्होंने माफ करने योग्य गलती नहीं की है. उनपर कार्रवाई होनी चाहिए.

महानगर भाजपा अध्यक्ष केके गुप्ता

ये था अधीर रंजन चौधरी का विवादित बयान: दिल्ली के विजय चौक पर बुधवार को अधीर रंजन चौधरी ने विवादित बयान देते हुए राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मू के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था. दरअसल, विजय चौक पर बुधवार को कांग्रेस सांसदों के साथ धरने पर बैठे अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि धरना देंगे, मार्च करेंगे अभी बहुत कुछ करना बाकी है. राष्ट्रपति भवन आज भी जाने की कोशिश करेंगे. हिंदुस्तान के राष्ट्रपति जी सबके लिए हैं, हमारे लिए क्यों नहीं.' इसी दौरान उन्होंने राष्ट्रपति की जगह पर आपत्तिजनक शब्द का चयन किया था.

कई भाजपा कार्यकर्ता थे मौजूद: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के इस बयान के बाद नाराज भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में इसके विरोध में आंदोलन कर रही है. रांची में दिए दा रहे धरना में पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, मेयर आशा लकड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

Last Updated : Jul 28, 2022, 4:32 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.