ETV Bharat / state

खूंटी की युवती का गुमला में टुकड़ों में मिला शव, विधायक ने हत्या के विरोध में किया प्रदर्शन, तख्तियां लेकर लोगों ने की जांच की मांग

Murder of Khunti girl in Gumla. खूंटी जिले के तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को ब्लॉक परिसर में एक दिवसीय धरना दिया. गुमला के फोरी गांव में खूंटी की युवती की हत्या के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया.

Murder of Khunti girl in Gumla
Murder of Khunti girl in Gumla

Published : December 8, 2023 at 10:59 PM IST

Choose ETV Bharat
युवती की हत्या के विरोध में प्रदर्शन

खूंटी: गुमला जिले के गुमला थाना क्षेत्र के फोरी गांव में मंगलवार को दो अलग-अलग कुओं से दो टुकड़ों में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गयी. युवती खूंटी के रनिया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. घटना के बाद शुक्रवार को भाजपा विधायक कोचे मुंडा के नेतृत्व में रनिया प्रखंड कार्यालय के सामने युवती को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया. विधायक समेत बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जांच की मांग की और कहा कि लव जिहाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

अपराधी हुए बेलगाम: प्रदर्शन के दौरान विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री हैं, इसके बावजूद आदिवासियों की हत्या हो रही है. हेमंत सोरेन के शासनकाल में अपराधी बेलगाम हो गये हैं. युवती के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए. जब तक हत्यारों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक बीजेपी विरोध प्रदर्शन करेगी. उन्होंने बताया कि दो दिन पहले गुमला जिले के फोरी गांव स्थित एक कुएं से पुलिस ने युवती का शव बरामद किया था.

विधायक ने की युवती के परिजनों से मुलाकात: विधायक कोचे मुंडा युवती के परिजनों से मिलने उसके गांव भी पहुंचे. युवती के पिता ने विधायक को बताया कि उनकी बेटी दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रांची स्टेशन से उसकी ट्रेन छूट गयी, जिसके बाद उसने फोन पर बताया था कि वह अपनी एक सहेली के यहां रह रही है और उसके पास पैसे खत्म हो गये हैं. उन्होंने पैसे लेने के लिए अगले दिन अपनी बेटी को घर बुलाया था लेकिन उसके बाद उसका फोन बंद हो गया और बाद में उसका शव गुमला के फोरी गांव में मिला.

विधायक ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन: विधायक ने राज्यपाल के नाम हत्यारों की गिरफ्तारी और सजा को लेकर ज्ञापन सौंपा है. हिंदू जागरण मंच के संजय कुमार वर्मा ने इस घटना को लव जिहाद की घटना बताया और कहा कि अगर सही जांच नहीं हुई तो सीबीआई जांच की मांग की जाएगी. इस विरोध प्रदर्शन में विधायक कोचे मुंडा और हिंदू जागरण मंच के संजय कुमार वर्मा के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, नारायण साहू, मंडल अध्यक्ष निखिल कंडुलना, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: खूंटी की युवती की गुमला में हत्या, कुएं से सिर कटी लाश बरामद

यह भी पढ़ें: घर से संथाली यात्रा देखने निकली थी युवती, इस परिस्थिति में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

यह भी पढ़ें: मोबाइल से बातचीत के दौरान प्यार, जीने मरने की खाई कसमें, परिवार के खिलाफ जाकर की शादी, लेकिन ना साथ जी सके न मर सके