ETV Bharat / state

छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम रवाना, 30 अक्टूबर से शिरडी में होंगे मैच

author img

By

Published : Oct 29, 2021, 8:13 AM IST

national-slingshot-competition
स्लिंगशॉट प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम रवाना

30 अक्टूबर से महाराष्ट्र के शिरडी साईं में छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट (गुलेल) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जामताड़ा से झारखंड की 5 सदस्यीय टीम को महाराष्ट्र रवाना किया गया.

जामताड़ा: 30 अक्टूबर से महाराष्ट्र के शिरडी साईं में आयोजित होने वाली छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट (गुलेल) प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड से 5 खिलाड़ियों को रवाना किया गया. सभी खिलाड़ी स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ इंडिया और स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.

ये भी पढ़ें- 11वीं जूनियर वुमन नेशनल हॉकी चैंपियनशिप: झारखंड ने महाराष्ट्र को 3-1 से रौंदा, फाइनल में बनाई जगह

पहली बार भाग ले रही है झारखंड की टीम

स्लिंगशॉट की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की टीम पहली बार भाग ले रही है. इस टूर्नामेंट के लिए झारखंड की तरफ से अंडर-17 से संदीप टूडू, प्रदीप मुर्मू, रोशन दास, अंडर-20 से अबीर मुखर्जी और अंडर 25 से परिमल टुडू का चयन किया गया है. सभी खिलाड़ी टीम प्रबंधक संजीव सेन और स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सीईओ सूरज कुमार पासवान के नेतृत्व में महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए .

प्रतियोगिता आयोजित कर खिलाड़ियों का चयन

स्लिंगशॉट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे के मुताबिक छठी राष्ट्रीय स्लिंगशॉट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के चयन के लिए 18 अक्टूबर को जामताड़ा के गांधी मैदान में एक दिवसीय ओपन स्लिंगशॉट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को झारखंड की टीम में शामिल किया गया है.

झारखंड की मिट्टी से जुड़ा है स्लिंगशॉट

बता दें कि स्लिंगशॉट यानी गुलेल प्रतियोगिता झारखंड की मिट्टी से जुड़ी है. यहां के आदिवासी समाज खासकर सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में शिकार के रूप में गुलेल का खूब प्रयोग किया जाता है, जो कि अब स्लिंगशॉट खेल के नाम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है. इस प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद है.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.