शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के निजी सचिव अशोक शांडिल का हार्ट अटैक से निधन, कैबिनेट मंत्री और पूर्व मंत्री ने दुख व्यक्त किया

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के निजी सचिव अशोक शांडिल का हार्ट अटैक से निधन, कैबिनेट मंत्री और पूर्व मंत्री ने दुख व्यक्त किया
Himachal Education Minister personal secretary Ashok Shandil dies : शिक्षा मंत्री रोहित शर्मा के निजी सचिव अशोक शांडिल का निधन हो गया है. मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. कैबिनेट मंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है. अशोक शांडिल कई मंत्रियों के साथ काम कर चुके हैं. पूर्व मंत्री ने भी उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है.
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के वरिष्ठ निजी सचिव अशोक शांडिल का निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है. अशोक शांडिल 57 साल के थे. उनके निधन की जानकारी मिलते ही शिमला स्थित राज्य सचिवालय में शोक की लहर दौड़ गई. कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर इसकी जानकारी साझा की है.
रोहित ठाकुर ने लिखा कि 'मेरे निजी सचिव खुशदिल इंसान श्री अशोक शांडिल जी का आकस्मिक निधन बेहद दुःखद है. मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. भावभीनी श्रद्धांजलि! ॐ शान्ति!'
बताया जा रहा है कि अशोक शांडिल अपने गांव पटकैहर गए हुए थे. जो शिमला जिले में आता है. घर पर ही हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया. गौरतलब है कि अशोक शांडिल के पास विभिन्न सरकारों में विभिन्न मंत्रियों के साथ काम करने का अनुभव था. उनकी छवि एक मेहनतकश और मृदुभाषी अधिकारी की रही. पूर्व की जयराम ठाकुर सरकार के दौरान अशोक शांडिल कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के निजी सचिव थे. महेंद्र ठाकुर ने भी सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है.
महेंद्र सिंह ठाकुर ने लिखा कि 'पूर्व में रहे मेरे निजी सचिव अशोक शांडिल जी का हृदयघात से निधन का समाचार प्राप्त हुआ. इस प्रकार के हंसमुख और मिलनसार व्यक्तिव को खोना सभी के लिए दुखद है. प्रभु आपकी महान आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिवार को इस विपरीत परिस्थितियों में दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करे। ॐ शांति।।'
अशोक शांडिल पूर्व की सरकारों में कई मंत्रियों के साथ रहे. राज्य सचिवालय में उनकी छवि एक मेहनती और मिलनसार अधिकारी थी. यही वजह है कि जैसे ही उनके निधन की जानकारी मिली राज्य सचिवालय में शोक की लहर छा गई. सोशल मीडिया पर भी कई लोग अशोक शांडिल के निधन की जानकारी साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
