Agniveers Job Guarantee in Haryana: कांग्रेस विधायक ने पूछा, पहले सीएम बतायें कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन कैसे
हरियाणा में अग्निवीरों को नौकरी की गारंटी देने वाले सीएम मनोहर लाल के बयान पर कांग्रेस विधायक शमशेर गोगी ( Congress mla Shamsher Gogi) ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि तब तक खुद खट्टर के सीएम रहने की गारंटी नहीं है तो नौकरी क्या देंगे. कांग्रेस विधायक ने सीएम खट्टर से पूछा कि पहले ये बतायें हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन कैसे हो गया.

चंडीगढ़: योग दिवस के मौके पर भिवानी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ी घोषणा की है. मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सेना से वापस आने वाले अग्निवीरों को हरियाणा में नौकरी की गारंटी (Job Guarantee to Agniveers in Haryana) दी जायेगी. उन्होंने कहा है कि ग्रुप सी की नौकरी हो या फिर हरियाणा पुलिस की. जो भी अग्निवीर सेना से वापस आकर हरियाणा सरकार में नौकरी करना चाहेगा उसको नौकरी दी जाएगी. सीएम मनोहर लाल के बयान पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है.
कांग्रेस पार्टी के विधायक शमशेर गोगी का कहना है कि मुख्यमंत्री की ये घोषणा सिर्फ घोषणा मात्र है. उन्होंने कहा कि जब तक अग्निवीर सेना से वापस आएंगे तो क्या खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल उस समय तक मुख्यमंत्री रहेंगे. यानी उनका कहना है कि जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद उस वक्त मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो नौकरी की गारंटी कैसे दे रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह तो अंधभक्त हैं ऊपर से जो भी फरमान आता है उसके सामने नतमस्तक हो जाते हैं. यह लोग देश को बर्बाद करना चाहते हैं.
इसके साथ ही शमशेर गोगी ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन है. उन बेरोजगारों को ही पहले मुख्यमंत्री नौकरी दे दें. जब उनको ही नौकरी नहीं मिल रही है तो फिर अग्निवीरों को कैसे मिलेगी. इसके साथ ही गोगी ने कहा कि अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है. बीजेपी पॉलिटिकल पार्टी ना होकर एक कार्पोरेट हाउस है.शमशेर गोगी ने सवाल किया कि पहले सीएम मनोहर लाल ये बताएं कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन कैसे हुआ.

