ETV Bharat / city

भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाएंगे, बोले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

author img

By

Published : Aug 14, 2022, 5:54 PM IST

आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज स्टेडियम मेहरगढ़ से लोगों को शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया. पेश है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संबोधन

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली: आजादी के 75वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरा देश बड़े ही हर्ष उल्लास और उत्साह के साथ अमृत महोत्सव मना रहा है. दिल्ली सरकार की तरफ से त्याग राज स्टेडियम मेहरगढ़ में तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन की शुरुआत वंदे मातरम और जय हिंद के नारे के साथ करते हुए लोगों को आजादी के 75 साल पूरे होने की शुभकामनाएं दीं.

पेश है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संबोधन-
यह समय भारत की आजादी के लिए अपनी शहादत देने वालों को याद करने का समय है. देश की स्वाधीनता के लिए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी कुर्बानियां दीं. लेकिन आज मैं दो लोगों का जिक्र जरूर करना चाहूंगा. जिनमें से एक हैं- डॉ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, जिन्होंने गरीब तबके के लिए जंग लड़ी और उन्हें उनका अधिकार दिलाया. बाबासाहेब आंबेडकर ने हमें दुनिया का सबसे बेहतरीन संविधान दिया. वर्तमान में भारत का जो स्वरूप देखने को मिल रहा है, हमनें जितनी तरक्की की है, जो फंडामेंटल राइट्स हमें मिले हैं, ये सब उसी महान शख्सियत बाबा भीमराव अंबेडकर की देन है.

दूसरे हैं, शहीद ए आजम भगत सिंह. उनकी शहादत को याद कीजिए. 23 साल का एक लड़का. इस उम्र में कोई लड़का इंजीनियरिंग कर रहा होता है, कोई अपने लिए गर्लफ्रेंड ढूंढ रहा होता है, कोई पिक्चर देख रहा होता है, लेकिन महज 23 साल की उम्र में भगत सिंह फांसी पर चढ़ गए. भगत सिंह से हमें सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा मिलती है. अगर जरूरत पड़े तो देश के लिए अपनी जान भी कुर्बान कर देना, चिंता मत करना. दिल्ली में हम लोगों ने 500 स्थानों पर बड़े-बड़े तिरंगे लगाए हैं. राजधानी दिल्ली में आज पूरे देश में सबसे ज्यादा उचित तिरंगे राजधानी दिल्ली में हैं. आज जब मैं अपने घर से यहां तक आया तो मुझे 9 बड़े-बड़े तिरंगे दिखे. वैसे तो राजधानी दिल्ली आज पूरी तरीके से तिरंगे के रंगों में रंगी हुई है.

आप घर से बाहर निकलेंगे तो आपको तिरंगा नजर आ ही जाएगा, आप जहां भी जाएंगे, आपको तिरंगा नजर आएगा. देश आपको हर कदम पर याद आएगा, यही हमारा मकसद था. आज पूरी दिल्ली में बच्चों के बीच 2500000 तिरंगे बांटे गए हैं. ये 2500000 बच्चे आज राजधानी दिल्ली में शाम 5:00 बजे एक साथ राष्ट्रगान गाएंगे.

आज हमारे देश की आज़ादी को 75 साल पूरे हो चुके हैं. लेकिन कई ऐसे देश हैं जो हमारे बाद में आजाद हुए हैं, लेकिन टेक्नोलॉजी और सुविधाओं के मामले में हमसे काफी आगे निकल गए हैं. जिनमें सिंगापुर और जापान जैसे देश शामिल हैं. सिंगापुर हमसे 15 साल बाद आजाद हुआ और आज हमसे आगे निकल गया है. जापान पर अमेरिका ने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान परमाणु गिराया था. वह उससे उबर कर भारत से आगे निकल गया है. वहीं जर्मनी दूसरे विश्व युद्ध में पूरी तरीके से तबाह हो गया था लेकिन वह भी भारत से आगे निकल गया है. आखिर क्यों हम लोग बाकी देशों से पीछे हैं. हमारे अंदर कोई कमी नहीं है. भारत के लोग अन्य देशों के मुकाबले ज्यादा इंटेलिजेंट हैं फिर भी हम बाकी देशों से पीछे क्यों रह गए हैं. इंडिया कैन लीड द वर्ल्ड. आइए आज हम सब लोग मिलकर शपथ लेते हैं कि आने वाले कल में हम भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाएंगे.

ऐसी ही जरूरी और विश्वसनीय खबरों के लिए डाउनलोड करें ईटीवी भारत ऐप

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.