ETV Bharat / city

किसानों आंदोलन: निरंकारी मैदान में AAP और कांग्रेस की रसोई

author img

By

Published : Nov 29, 2020, 8:21 PM IST

बुराड़ी के निरंकारी मैदान में एक तरफ किसानों का आंदोलन जारी है, वहीं दूसरी तरफ शुरू है, किसानों का हमदर्द दिखने की सियासी कोशिशें. यहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों की तरफ से रसोई लगाई गई है.

AAP and Congress kitchen in Nirankari Maidan, efforts to show sympathy to farmers
निरंकारी मैदान में AAP और कांग्रेस की रसोई, किसानों का हमदर्द दिखने की कोशिशें

नई दिल्ली : बुराड़ी के निरंकारी मैदान में सैकड़ों की संख्या में किसान अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं. इनका कहना है कि जब तक सरकार तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू नहीं करती, तब तक इनका आंदोलन जारी रहेगा, भले ही उसमें कितने ही महीने लग जाएं. ये किसान अपने इस लम्बे आंदोलन की पूरी तैयारी के साथ यहां पहुंचे हैं. यहीं पर ये खाना भी बना रहे हैं.

निरंकारी मैदान में AAP और कांग्रेस की रसोई


'चल रहा गुरुद्वारा कमेटी का लंगर'

लेकिन किसानों द्वारा अपने स्तर पर की जा रही भोजन-पानी की व्यवस्था से इतर, राजनीतिक दल भी यहां अपनी अपनी रसोई सजा चुके हैं, जहां किसानों को भोजन कराया जा रहा है. साथ ही दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने भी यहां लंगर का आयोजन किया है. लेकिन इन तमाम व्यवस्था में सबसे अलग है, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की रसोई. दोनों ही दलों ने अलग अलग टेंट में अपनी रसोई लगाई है.


'लगे हैं आप की रसोई के पोस्टर'

निरंकारी मैदान में प्रवेश के साथ ही सामने आम आदमी पार्टी की रसोई से जुड़े बड़े बड़े पोस्टर नजर आ सकते हैं, जिनपर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी तस्वीर है और स्थानीय विधायकों की भी. दावा है कि आम आदमी पार्टी की रसोई में हर दिन करीब एक लाख लोगों के खाने की व्यवस्था है. यहां लगातार राशन की आमद भी जारी है, वहीं यहां व्यवस्था के लिए पार्टी की तरफ से कार्यकर्ता भी तैनात किए गए हैं.


'एक लाख लोगों की लिए व्यवस्था'

मॉडल टाउन से आम आदमी पार्टी के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने AAP की रसोई के बारे में ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर आम आदमी पार्टी पूरी तरह से इन किसानों की सेवा में जुटी है और हर दिन करीब एक लाख लोगों के खाने की व्यवस्था की जा रही है. उनका यह भी कहना था कि किसानों की यहां संख्या बढ़ने के साथ ही इस व्यवस्था में भी इजाफा किया जाएगा.


'प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कांग्रेस की रसोई'

आपको बता दें कि किसानों के प्रदर्शन के लिए निरंकारी मैदान की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी ने कहा था कि वो किसानों की सुविधा के किए तमाम व्यवस्था करेगी. हालांकि यहां व्यवस्था में कांग्रेस भी पीछे नहीं है. कांग्रेस नेता देवेंद्र कुमार काकू ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार के निर्देश पर यहां किसानों के भोजन के लिए कांग्रेस की रसोई लगाई गई है और किसान आकर यहां भोजन भी कर रहे हैं.

ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.