ETV Bharat / bharat

पंजाब मंत्रिमंडल का गठन, 10 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

author img

By

Published : Mar 19, 2022, 11:26 AM IST

Updated : Mar 19, 2022, 3:26 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के 10 विधायकों को शामिल किया गया. मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले हरपाल सिंह चीमा ने शपथ ली. वह लगातार दूसरी बार चुनाव जीते हैं. हरपाल सिंह चीमा पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं. मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद सीएम मान ने कैबिनेट की पहली बैठक (first meeting of Punjab Cabinet) की.

ं

चंडीगढ़ : पंजाब में शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के दस विधायकों को शामिल किया गया. राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इन 10 मंत्रियों में से आठ पहली बार विधायक बने हैं. इन सभी ने पंजाबी भाषा में शपथ ली. हरपाल सिंह चीमा और गुरमीत सिंह मीत हेयर को छोड़कर आठ अन्य पहली बार विधायक बने हैं. दीर्बा से विधायक चीमा ने सबसे पहले शपथ ली, उनके बाद कैबिनेट में एकमात्र महिला और मलोट से विधायक डॉ बलजीत कौर ने शपथ ली.

इसके बाद जंडियाला से हरभजन सिंह, मानसा से डॉ विजय सिंगला, भोआ से लाल चंद, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर जिंपा और आनंदपुर साहिब से हरजोत सिंह बैंस ने शपथ ली. कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 18 पद हैं. हरियाणा के राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद थे.

x
पंजाब में मंत्रियों का शपथ ग्रहण, जानिए मंत्रिमंडल में किस-किसको मिली जगह

पंजाब के राज्यपाल पुरोहित ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी.आम आदमी पार्टी (आप) ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटें हासिल की हैं.

पढ़ें : सीएम भगवंत मान का ऐलान, पंजाब में वॉट्सऐप पर करप्शन की कंप्लेन, जल्द जारी होगा नंबर

कैबिनेट में पार्टी ने मालवा से पांच, माझा से चार और दोआबा क्षेत्र से एक विधायक को प्रतिनिधित्व दिया. कैबिनेट में चार उन विधायकों को जगह दी गई है जो सुरक्षित सीटों दीर्बा, जंडियाला, मलोट और भोआ का प्रतिनिधित्व करते हैं. हालांकि, कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, शिअद के प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल तथा पंजाब लोक कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह आदि दिग्गजों को हराने वाले आप विधायकों को कैबिनेट में जगह नहीं मिली. मान ने उन विधायकों के नामों की घोषणा की थी जिन्हें शुक्रवार को कैबिनेट में शामिल किया जाना था.

Last Updated : Mar 19, 2022, 3:26 PM IST
ETV Bharat Logo

Copyright © 2024 Ushodaya Enterprises Pvt. Ltd., All Rights Reserved.