ETV Bharat / state

धनबाद और हजारीबाग में नये साल को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, वाहन चालकों पर पुलिस की विशेष नजर

नए साल के जश्न को लेकर धनबाद और हजारीबाग पुलिस अलर्ट मोड पर है. पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर निगरानी रख रही है.

HIGH SECURITY IN NEW YEAR 2026
ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच करती पुलिस (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 28, 2025 at 3:47 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद/हजारीबाग: नववर्ष 2026 के मौके पर धनबाद जिला प्रशासन ने पर्यटकों के धूमने वाली जगहों पर पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. धनबाद के 13 प्रमुख धार्मिक पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और सशस्त्र बलों को तैनात किया है, यह व्यवस्था 25 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक लागू रहेगी.

क्यों अलर्ट मोड पर है प्रशासन?

हर साल नववर्ष के जश्न में पिकनिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ जुटती है. ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा अश्लील हरकत, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियों जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है. इसके अलावा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन के लिए एक चुनौती बन जाती है. धनबाद जिला प्रशासन ने इन सभी संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं.

जानकारी देते अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार (Etv Bharat)

13 स्थलों पर कड़ी निगरानी

जिला प्रशासन ने जिले के 13 प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा तैनाती की है. इन स्थलों में मैथन डैम, पंचेत डैम, तोपचांची झील, बिरसा मुंडा पार्क, भटिंडा फॉल, लिलोरी स्थान, शक्ति मंदिर धनबाद, ढांगी पहाड़ी और बिचारी धाम (बाघमारा) जैसे स्थल शामिल हैं. इन जगहों पर अलग-अलग दंडाधिकारियों और सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.

'सभी तैनात अधिकारी और सुरक्षाकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों के थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे. वे किसी भी प्रकार की अराजकता, अश्लीलता या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी: राजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी

क्या है प्रशासन के निर्देश?

  • सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी शांति बनाए रखने और भीड़ का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे.
  • पिकनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के विशेष उपाय किए गए हैं.
  • किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश.
  • प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें.

सुरक्षित और शांतिपूर्ण जश्न की अपील

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में ही होना चाहिए. लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग करें.

अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यहां तैयारियां इसलिए की गई हैं ताकि हर कोई अपने परिवार और दोस्तों के साथ नववर्ष का जश्न सुकून और आनंद के साथ मना सके. नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरती जाएगी. प्रशासन के इस कदम का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना और धनबादवासियों के नववर्ष उत्सव को यादगार और सुरक्षित बनाना है.

हजारीबाग पुलिस का ड्रंक ड्राइविंग पर विशेष फोकस

इधर, हजारीबाग पुलिस पुराने साल के समापन और नए साल के आगमन को लेकर अलर्ट मोड पर है. खासकर ड्रंक एंड ड्राइविंग पर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है. हजारीबाग पुलिस ब्रेथ एनालाइजर के साथ हर चौक चौराहे पर तैनात है. पुलिस गुजरने वाले हर वाहन की जांच कर रही है. इसके साथ ही नए साल के जश्न में यदि कोई भी शख्स शराब के नशे में रहेगा तो साल के पहले दिन में ही उसे फाइन भुगतना पड़ेगा. इसके अलावा यह भी हो सकता है कि अशांति फैलाने वालों को रातभर सलाखों के पीछे रहना पड़ सकता है.

अलर्ट मोड पर हजारीबाग पुलिस (Etv Bharat)

ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान

नये साल में शराब पीकर वाहन चलाने वालों को हजारीबाग पुलिस ने सख्त हिदायत दी है. इसी कड़ी में शहर के पीटीसी चौक पर ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान में कोर्रा थाना एवं यातायात थाना के पुलिस पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल हुए. जांच के दौरान दोपहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई.

नए साल के जश्न के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इसे ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है. इसके साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए शराब पीकर वाहन न चलाएं: अजित कुमार, कोर्रा थाना प्रभारी

ये भी पढ़ें- देवघर में एसपी ने की पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक, सक्रिय अपराधी, भू-माफिया और नशा कारोबारियों पर कार्रवाई के निर्देश

पलामू में नए साल के जश्न में 2.47 करोड़ की शराब गटक गए लोग, बिहार सीमा पर भी बिक्री में इजाफा

गिरिडीह के इन धार्मिक स्थलों का दर्शन कर नए साल का करें स्वागत, सालों भर मिलेगा आनंद