ETV Bharat / state

जबलपुर में बालिका वधू का मामला, 13वें साल में शादी और 15 साल की उम्र में गर्भवती

जबलपुर के कटंगी में एक 13 साल की लड़की के हाथ कर दिए पीले. महिला बाल विकास विभाग और पुलिस कर रही मामले की जांच.

JABALPUR CHILD BRIDE CASE
जबलपुर में बालिका वधू का मामला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : October 30, 2025 at 6:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर: सामान्य तौर पर 13 साल की लड़की सातवीं या आठवीं क्लास की पढ़ाई कर रही होती है, उसके हाथ में किताबें होती हैं लेकिन जबलपुर के कटंगी की रहने वाली एक 13 साल की लड़की के हाथ पीले कर दिए गए और 15 साल की उम्र में वह गर्भवती हो गई. यह मामला जबलपुर के सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में सामने आया है. दस्तावेज के अनुसार लड़की की उम्र अभी मात्र 15 साल है. पुलिस अब इस मामले में शारदा एक्ट के तहत बाल विवाह की जांच कर रही है.

13 साल की उम्र में कर दी शादी

सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर के अस्पताल में आज से लगभग 15 दिन पहले एक गर्भवती महिला पहुंची थी. जब डॉक्टरों ने महिला की डिलीवरी करवाने के लिए परिवार के लोगों से कागजात मांगे तो डॉक्टरों की आंखें फटी रह गईं. क्योंकि लड़की की उम्र महज 15 साल थी. डॉक्टरों ने जब लड़की से बातचीत की तो उसने बताया कि उसकी शादी को 2 साल हो चुके हैं. इससे यह स्पष्ट है की लड़की की जब शादी हुई तब उसकी उम्र मात्र 13 साल थी.

जबलपुर में 13 साल में शादी और 15 साल की उम्र में गर्भवती (ETV Bharat)

महिला बाल विकास विभाग के पास पहुंचा मामला

इस घटना के तुरंत बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस बात की जानकारी जबलपुर के महिला बाल विकास विभाग को भेजी. महिला बाल विकास के जिला परियोजना अधिकारी सौरभ सिंह का कहना है कि "जैसे ही यह जानकारी हमें मिली हमने तुरंत जबलपुर के कटंगी क्षेत्र में महिला बाल विकास के कर्मचारियों को इस बात की पड़ताल करने के लिए लड़की के घर भेजा है कि आखिर उसकी शादी 13 साल में कैसे हो गई. इस घटना की जानकारी कटंगी थाने को भी दी गई है. लड़की के परिजनों के खिलाफ शुरुआती शिकायत दर्ज की गई है. अब पुलिस और महिला बाल विकास मिलकर परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है."

'शादी की न्यूनतम उम्र है 18 साल'

महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी सौरभ सिंह का कहना है कि "कानून के अनुसार लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 18 साल होती है. इससे कम उम्र में भारत में लड़की की शादी नहीं की जा सकती. वहीं बाल विवाह रोकने के लिए सरकार ने शारदा एक्ट बनाया हुआ है. इसके तहत 18 साल से कम उम्र की लड़की की शादी करवाने पर शादी करवाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है."

साक्षर जिलों में शामिल है जबलपुर

जबलपुर मध्य प्रदेश के साक्षर जिलों में से एक है. जबलपुर में जागरूकता का स्तर भी मध्य प्रदेश के कई दूसरे शहरों से बेहतर है लेकिन इसके बावजूद जबलपुर के कटंगी में एक 13 साल की लड़की की शादी हो गई. अब पुलिस और महिला बाल विकास इस मामले की जांच कर रही है.