ETV Bharat / state

अग्निवीर भर्ती के लिए पटना में आज से शारीरिक दक्षता परीक्षा, तीन चरणों में होगा चयन

आज से अग्निवीर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित हो रही है. 11000 अभ्यर्थियों इसमें शामिल होंगे. रिपोर्ट- राजीव रंजन पाठक

Agniveer Recruitment
युवाओं के लिए अग्निवीर बनने का मौका (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 22, 2026 at 7:05 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का इंतजार कर रहे बिहार और झारखंड के युवाओं के लिए अब भर्ती प्रक्रिया ग्राउंड तक पहुंच गई है. सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की ओर से अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक दानापुर छावनी स्थित KLP मैदान में किया जाएगा. इस भर्ती रैली में केवल कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन यानी CEE परीक्षा में सफल होकर शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे.

अग्निवीर बनने के लिए भर्ती
भर्ती रैली के शुरुआती चरण में अग्निवीर जनरल ड्यूटी यानी GD पुरुष वर्ग के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी. 22 से 25 सितंबर तक पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली जिले के शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे.

सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री (ETV Bharat)

ग्राउंड टेस्ट में कई चरण
अग्निवीर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को अलग-अलग चरणों से गुजरना होगा. इसमें 1.6 किलोमीटर की दौड़, बीम यानी पुल-अप्स, 9 फीट गड्ढा और जिग-जैग बैलेंसिंग शामिल है. शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की फिटनेस और निर्धारित मानकों के अनुसार प्रदर्शन का परीक्षण किया जाएगा.

Agniveer Recruitment
1.6 किलोमीटर की दौड़ (ETV Bharat)

भर्ती स्थल पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी जरूरी दस्तावेज लाने होंगे. इनमें एडमिट कार्ड के अलावे 10वीं और 12वीं के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, सरकारी फोटो पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज की तस्वीरें शामिल हैं. सेना भर्ती कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को दस्तावेजों के मूल प्रमाण पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है.

Agniveer Recruitment
शारीरिक परीक्षा के दौरान फिटनेस अहम (ETV Bharat)

तीन चरणों में पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की निदेशक भर्ती कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया कुल तीन चरणों में पूरी होगी. CEE परीक्षा के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया है. इसके बाद भर्ती प्रक्रिया के निर्धारित अगले चरणों को पूरा कराया जाएगा.

"अग्निवीर भर्ती रैली न्यू केएलपी चांदमारी स्थित डिफेंस कॉलोनी के मैदान में आयोजित की जा रही है. पहले चरण में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया गया. दूसरे चरण में फिजिकल फिटनेस टेस्ट और फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट से गुजरना होगा. तीसरे चरण में मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा जाएगा. सेना की भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित है. इसमें किसी प्रकार की धोखाधड़ी या अनुचित माध्यम की कोई गुंजाइश नहीं है."- कर्नल बिंदु अग्रिहोत्री, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय, दानापुर

Agniveer Recruitment
कर्नल बिंदु अग्निहोत्री (ETV Bharat)

कब किस जिले के लिए दौड़?
22 सितंबर को सारण, 23 सितंबर को भोजपुर, 24 सितंबर को बक्सर, गोपालगंज और सीवान, 25 सितंबर को पटना और वैशाली जिले के अग्निवीर जीडी पद के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे. वहीं 26 सितंबर को भोजपुर जिले के अग्निवीर टेक्निकल, 27 सितंबर को बक्सर और सfवान, 28 सितंबर को पटना और वैशाली और 29 सितंबर को गोपालगंज और सारण जिले के अभ्यर्थी अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए दौड़ में भाग लेंगे.

30 सितंबर को सात जिलों के अभ्यर्थी अग्निवीर ट्रेड्समैन पद के लिए दौड़ में शामिल होंगे. 1 अक्टूबर को झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की दौड़ होगी. 2 अक्टूबर को भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सीवान, सारण और वैशाली जिले के अभ्यर्थी अग्निवीर क्लर्क पद के लिए दौड़ में शामिल होंगे. 3 अक्टूबर को पटना जिले के साथ कटिहार और मुजफ्फरपुर एआरओ के अभ्यर्थी भाग लेंगे. 4 अक्टूबर को गया एआरओ के अभ्यर्थियों की दौड़ होगी. वहीं 6 और 7 अक्टूबर को बिहार एवं झारखंड के सभी जिलों की अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस की भर्ती प्रक्रिया के तहत दौड़ आयोजित की जाएगी.

कितने अभ्यर्थी होंगे शामिल?
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार इस बार भर्ती प्रक्रिया में कुल 11 हजार 42 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी है. इनमें 253 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं. सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 18 अगस्त को उनकी लॉगिन प्रोफाइल पर उपलब्ध करा दिए गए थे.

ये भी पढ़ें: दानापुर में फर्जी 'अग्निवीर' अभ्यर्थी पकड़ाया, भाई की जगह पहुंचा था योगदान करने