26 सितंबर को जयपुर में राजस्थान फिल्म फेस्टिवल, शरमन जोशी-ईशा कोप्पिकर करेंगे होस्ट, ममता कुलकर्णी होंगी सम्मानित
राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 2013 में राजस्थानी फिल्मों और कलाकारों को मंच देने के लिए हुई थी

Published : September 22, 2026 at 6:52 AM IST
जयपुर: गुलाबीनगरी जयपुर में राजस्थान फिल्म फेस्टिवल (आरएफएफ) का 14वां संस्करण 26 सितंबर को होगा. इसका आयोजन मानसरोवर के दीप स्मृति सभागार में किया जाएगा.इस बार समारोह में 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. फेस्टिवल में देशभर की अलग-अलग भाषाओं में बनी फिल्मों और कलाकारों को सम्मान मिलेगा. फेस्टिवल से एक दिन पहले 25 सितंबर को संस्कृति और सिनेमा पर खास संवाद रखा गया है. इसमें देशभर से आए फिल्मकार क्षेत्रीय सिनेमा की स्थिति और भविष्य पर चर्चा करेंगे. फेस्टिवल की संस्थापक संजना शर्मा ने बताया कि इस बार मंच की मेजबानी बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी और अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर करेंगे.
विद्यार्थियों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को भी मिलेगा सम्मान: संस्थापक संजना शर्मा के अनुसार, 25 सितंबर को इंटर स्कूल-कॉलेज प्रतियोगिताओं का फिनाले होगा. इसके साथ ही सोशल मीडिया से जुड़ी 12 अलग-अलग कैटेगरी में समाज में अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा. रात को टॉक शो भी होगा.वहीं, 26 सितंबर को मुख्य समारोह से पहले देश के अलग-अलग राज्यों से आए निर्देशक, निर्माता और कलाकार जयपुर घूमेंगे. इस दौरान उन्हें शहर के ऐतिहासिक किले, स्मारक और विरासत स्थलों को देखने का मौका मिलेगा. शाम को रेड कारपेट के साथ मुख्य समारोह शुरू होगा.

पढ़ें: Film Shooting in Rajasthan: अब राजस्थानी फिल्ममेकर्स को शूटिंग के लिए नहीं देना होगा कोई शुल्क
2013 में शुरू हुआ सफर, 2019 से देशभर के क्षेत्रीय सिनेमा को मंच: राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 2013 में राजस्थानी फिल्मों और कलाकारों को मंच देने के लिए हुई थी. संस्थापक संजना शर्मा ने बताया कि इसका मकसद क्षेत्रीय कलाकारों और फिल्मकारों को उनकी प्रतिभा के अनुसार पहचान दिलाना था.बाद में फेस्टिवल का दायरा बढ़ाया गया और 2019 से देशभर के क्षेत्रीय सिनेमा को इसमें शामिल किया गया. फेस्टिवल का विजन 'नई सोच, नई दिशा' है. इसके तहत अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों को सिनेमा के जरिए सामने लाना और नई पीढ़ी को मौके देना है.
एक लाख से ज्यादा दर्शक जुड़े, सोशल मीडिया पर 30 करोड़ तक पहुंच: आयोजकों के अनुसार, 2013 में पहले आयोजन से अब तक एक लाख से ज्यादा दर्शक और सिनेमा प्रेमी प्रत्यक्ष रूप से राजस्थान फिल्म फेस्टिवल से जुड़ चुके हैं. वहीं सोशल मीडिया पर फेस्टिवल की पहुंच करीब 30 करोड़ लोगों तक हो चुकी है. इससे पता चलता है कि क्षेत्रीय सिनेमा को बड़े दर्शकों तक पहुंचाने में फेस्टिवल की अहम भूमिका रही है.
जावेद अख्तर, जितेंद्र और गोविंदा जैसी हस्तियां रह चुकी हैं मेहमान: राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के मंच पर अब तक सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियां आ चुकी हैं. इनमें गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेता जितेंद्र और गोविंदा, निर्देशक सुभाष घई, अभिनेता सतीश कौशिक, अभिनेत्री भाग्यश्री और संगीतकार मिथुन शर्मा जैसे नाम शामिल हैं.फेस्टिवल में भारतीय सिनेमा में लंबे योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी दिया जाता है. अब तक अभिनेता शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर और संजय मिश्रा, ग्रैमी अवॉर्ड विजेता पंडित विश्व मोहन भट्ट और संगीत निर्देशक दिलीप सेन को यह सम्मान मिल चुका है. इस साल यह अवॉर्ड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को दिया जाएगा.

चंकी पांडे से नेहा धूपिया तक संभाल चुके हैं मंच: राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के समारोह की मेजबानी हर साल आकर्षण का केंद्र रहती है. पिछले सालों में चंकी पांडे, अरबाज खान, नेहा धूपिया, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, महिमा चौधरी, आफताब शिवदासानी, डेजी शाह और सुमित व्यास जैसे कलाकार मंच संभाल चुके हैं.इस बार समारोह की मेजबानी अभिनेता शरमन जोशी और अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर करेंगे.
लोक संगीत से आधुनिक धुनों तक की प्रस्तुतियां:फिल्मों के साथ राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में संगीत और लाइव प्रस्तुतियां भी खास आकर्षण रही हैं. अब तक मामे खान, स्वरूप खान, मोती खान, मोहम्मद इरफान, गजेंद्र वर्मा, रविंद्र उपाध्याय, भंवरी देवी, खेता खान, सवाई भाट और रैपरिया बालम जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं.लोक संगीत से लेकर आधुनिक धुनों तक, फेस्टिवल में सिनेमा के साथ संगीत और संस्कृति को भी मंच दिया जाता रहा है.
पढ़ें: सितंबर के आखिर में आयोजित होगा Rajasthan Film Festival, अभिनेता आफताब शिवदासानी करेंगे होस्ट

